टनकपुर: नेपाल से रिहा हुए भारतीय युवक
टनकपुर, अमृत विचार। नेपाल में मारपीट के आरोप में जेल भेजे गए छह भारतीय युवकों को तीसरे दिन सोमवार को रिहा कर दिया है। गांव उचौलीगोठ निवासी रोहित महर, अजय सिंह, कैलाश सिंह, अशोक सिंह, दीपक सिंह और दीपक सिंह महाशिवरात्रि पर टनकपुर से लगे नेपाल के ब्रह्मदेव में सिद्धनाथ मंदिर के दर्शन के लिए गए थे।
नेपाल के दो पुलिसकर्मियों से मारपीट करने के आरोप में इन युवकों को गिरफ्तार किया गया था। इन युवकों के नेपाल के जिला कंचनपुर महेंद्रनगर की जेल में बंद होने के बाद चम्पावत के पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा के निर्देश पर टनकपुर व शारदा बैराज के पुलिस अधिकारी लगातार कंचनपुर पुलिस से वार्ता कर रहे थे।
सोमवार देर शाम सभी युवकों को दो-दो हजार रुपये का जुर्माना लगाकर रिहा कर दिया गया। नेपाल प्रहरी के एसआई जीवन गुरुंग ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी युवकों पर डीएम कंचनपुर के निर्देश पर जुर्माना लगाने के बाद रिहा कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें: अल्मोड़ा: दिल्ली जाने को निकली नाबालिग को किया बरामद
