अयोध्या धाम के गाइड व पत्रकार के पिता का अपहरण, पुलिस तलाश में जुटी
पूराबाजार/ अयोध्या, अमृत विचार। प्रलोभन देकर एक मानसिक रूप से अस्वस्थ अधेड़ को उसके ससुराल से ही गायब कर दिया गया। अपह्रत अधेड़ अयोध्या धाम के गाइड व पत्रकार अभिषेक सावंत के पिता हैं। पीड़ित पुत्र ने अज्ञात लोगों पर पिता के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
मामला पूराकलंदर थाना क्षेत्र के नगरिया गांव का है। नगर कोतवाली क्षेत्र के मुकेरी टोला, रिकाबगंज निवासी अभिषेक ने पुलिस को दिए गए तहरीर में कहा है कि पिता संजय कुमार उम्र करीब 55 वर्ष पूराकलंदर थाना क्षेत्र के नगरिया गांव में अपने ससुराल में रहते थे। 20 फरवरी शाम करीब 4.30 बजे फोन आया कि कुछ लोग आए थे जो जबरदस्ती उनको उठा ले गए हैं। काफी खोजबीन के बाद भी पता नहीं चल पा रहा है।
पीड़ित पुत्र का कहना है कि पिता मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं जिनका कुछ लोगों ने प्रलोभन देकर अपहरण कर लिया है। पूराकलंदर पुलिस से एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। थाना प्रभारी पूराकलंदर कृष्ण कुमार मिश्र ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें -बलिया में पूर्व प्रधान की हत्या का आरोपी गिरफ्तार
