Kanpur: होलिका दहन स्थल पर चल रहीं बिस्किट फैक्ट्रियां, कलेक्ट्रेट पहुंचे लोगों ने अतिक्रमण हटाने की उठाई मांग
कानपुर में होलिका दहन स्थल पर बिस्किट फैक्ट्रियां चल रही।
कानपुर में होलिका दहन स्थल पर बिस्किट फैक्ट्रियां चल रही। त्योहार नजदीक आते ही लोगों ने अतिक्रमण हटाने की मांग उठाई। सालों से चले आ रहे अवैध कब्जों को लेकर कार्रवाई नहीं हुई।
कानपुर, अमृत विचार। होलिका दहन स्थल पर वर्षों से बिस्किट की फैक्ट्रियां चल रही हैं। मामला चमनगंज थाना क्षेत्र का है। त्योहार नजदीक होने के बावजूद प्रशासन और नगर निगम को इसकी सुध नहीं है। ऐसे में क्षेत्र के लोगों ने इसके खिलाफ खड़ा होना शुरू कर दिया है। दर्जनों लोग इस अतिक्रमण को हटाने की मांग के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और कार्रवाई की मांग उठाई। प्रशासन इसको लेकर जांच कराएगा।
शहर के वार्ड संख्या 59 के तकिया पार्क प्रेम नगर के रहने वाले लोगों का कहना है कि पार्क में होलिका स्थल के रूप में नगर निगम ने 50.60 गज जगह को चुना था। शिकायतकर्ता संजय, राम, राजेश आदि क्षेत्रवासियों का कहना है कि पार्क के कोने में हर वर्ष होलिका पर्व पर होलिका दहन भी होता था, लेकिन कुछ सालों से इस पर भूमाफिया कब्जा किए हैं। उन्होंने बिस्किट बनाने का काम शुरू कर दिया है। शेड लगाकर इस पर कब्जा कर लिया गया है।
इस वजह से त्योहार के समय में होलिका स्थल पर लकड़ी आदि रखने के लिए भी जगह नहीं मिल पा रही है। न ही हालिका स्थल पर पूजन कर पा रहे हैं। इस शिकायत पर जिलाधिकारी ने मामले को लेकर जांच कराने का फैसला लिया है। मौके पर जाकर सर्वे कराने के बाद कार्रवाई कराई जाएगी।
