Banda Murder : गला घोंटकर महिला की हत्या कर सड़क किनारे फेंका शव, पुलिस शिनाख्त के प्रयास में जुटी
बांदा में महिला की हत्या।
बांदा के बबेरू कोतवाली क्षेत्र के मुरवल गांव में गला घोंटकर महिला की हत्या कर हत्यारों ने शव को सड़क किनारे फेंक दिया। पुलिस महिला की शिनाख्त के प्रयास में जुटी।
बांदा, अमृत विचार। Banda Murder जिले में हत्याओं की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बबेरू कोतवाली क्षेत्र के मुरवल पुलिस चौकी के समीप गुरुवार की रात अज्ञात महिला की साड़ी से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया। सुबह होने पर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और चौकीदार ने देखा तो घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसपी, अपर एसपी, डॉग एस्कवॉयड, फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची।
मुरवल चौकी के समीप शुक्रवार की सुबह अज्ञात 40 वर्षीय महिला का शव सड़क किनारे पड़ा पाया गया। वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने देखा तो चौकीदार को सूचना दी। सूचना पाकर चौकीदार पुलिस समेत गांव के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। महिला की साड़ी से गला घोंटकर हत्या की गई थी। कुछ ग्रामीणों ने उसके साथ दुष्कर्म होने की भी आशंका जताई थी। सूचना पाकर अपर पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया।
मृतका की शिनाख्त कराने के लिए गांव के तमाम लोगों को बुलाया गया। लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। ग्रामीणों का कहना है कि महिला आसपास के क्षेत्रों की नहीं है। मृतका पीले छापेदार साड़ी पहने हुए थी। कोतवाली प्रभारी निर्मल वाजपेयी ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही उसका खुलासा किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। हत्या के खुलासे के लिए टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही इसका खुलासा किया जायेगा।
