बिजनौर : दो बाइकों की भिड़ंत में पिता-पुत्र सहित तीन की मौत, एक की हालत गंभीर
बिजनौर /बढापुर, अमृत विचार। शादी की तैयारियां उस समय मातम में बदल गईं जब खरीदारी करने बाजार जा रहे पिता-पुत्र की बाइक सामने आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई जिसमें पिता-पुत्र सहित तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।
शनिवार की सुबह करीब 11 बजे बढ़ापुर क्षेत्र गांव नूरपुर अरब के निकट स्थित गगन ईंट भट्ठे के सामने दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई, जिसमें बाइक पर सवार शाहरुख इस्लाम पुत्र नफीस व नफीस पुत्र हमीद (पिता-पुत्र) निवासी सादातपुरगढी थाना बढ़ापुर व दूसरी बाइक सवार तहसीम पुत्र इब्राहिम व सलीम पुत्र यामीन निवासी ग्राम नारायणपुर मंडावली की टक्कर हो गयी। जिसमें शाहरुख इस्लाम, नफीस व तहसीम की मौके पर ही मौत हो गयी तथा सलीम गम्भीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया ,वहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि तीन मार्च को शाहरुख की शादी होनी थी। बाजार से खरीदारी करने के लिये पिता के साथ बढ़ापुर आ रहा था। शायद उसे यह नहीं पता था कि रास्ते में मौत उसका इंतजार कर रही है। कुछ समय पहले शाहरुख के बड़े भाई की मौत भी सड़क दुर्घटना में हो चुकी है।
ये भी पढ़ें:- Ukraine-Russia : यूक्रेन को सोने नहीं दे रहे रूस के हवाई हमले, कई क्षेत्रों में चेतावनी जारी... रात भर बजते रहे सायरन
