Kanpur में अलग-अलग सड़क हादसे में चार की मौत, छह घायल, बिठूर में परिजनों ने रोड़ जाम कर किया हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में सड़क हादसे में चार की मौत हो गई।

कानपुर के बिठूर, घाटमपुर, पनकी व चकेरी में सड़क हादसे में चार की मौत हो गई। जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर, बिठूर में परिजनों ने रोड़ जाम कर हंगामा किया।

कानपुर, अमृत विचार। बिठूर थानाक्षेत्र अंतर्गत देर शाम मकसूदाबाद गांव में कल्याणपुर-शिवली मार्ग मार्ग पर अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली सड़क किनारे मोमोज का ठेला लगाए (12 वर्षीय) दीपक कटियार उर्फ़ विक्की को रौंदता हुआ पलट गया। इस दौरान हादसे में ठेले के पास खड़े उसके पिता श्यामसुंदर व पड़ोसी अनिकेत और एक अन्य किशोर भी ट्रैक्टर की चपेट में आने से घायल हो गए। घटना से आक्रोशित परिजनों ने करीब दो घंटे तक मार्ग पर जाम लगाकर हंगामा काटा। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन कोई कुछ सुनने को तैयार नहीं था। 

मकसूदाबाद निवासी श्यामसुंदर कबाड़ का काम करते हैं। घर की माली हालत ठीक न होने के चलते उन्होंने दो दिन पहले ही अपने सबसे छोटे बेटे दीपक उर्फ़ विक्की को मोमोज का ठेला लगवाया था। शनिवार दोपहर करीब तीन बजे श्यामसुंदर और मृतक दीपक उर्फ़ विक्की के साथ मोमोज का ठेला लगाए हुए थे। तभी टिकरा कस्बे से कल्याणपुर की तरफ जा रहा ईट लदा ट्रैक्टर मोमोज के ठेले को टक्कर मारते पलट गया। ट्रैक्टर में लदे ईटों के नीचे दीपक दब गया।

आसपास के दुकानदार मदद के लिए भागे और कड़ी मशक्कत से उसे 15 मिनट बाद बाहर निकाला। तब तक दीपक की सांसे थम चुकी थीं। वहीं पास खड़े दो किशोर व पिता भी ट्रैक्टर की चपेट में आने से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़ पड़े। जैसे ही दीपक की मां व अन्य परिजनों को सूचना हुई तो कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों ने शव को लेकर मार्ग पर जाम लगा दिया। काफी देर तक पुलिस से तीखी नोंकझोंक होती रही।

मामले की जानकारी जैसे ही आलाधिकारियों को हुई तो सर्किल के कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। इस दौरान जब दो घंटे तक परिजन नहीं मानें तो पुलिस दीपक के शव को जबरन उठाकर ले जाने लगी। जिस पर ग्रामीणों और पुलिस के बीच धक्कमुक्की हुई। कुछ ग्रामीणों ने पास पड़े ईंट पत्थर चला दिए। काफी जद्दोजहद के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। एसीपी कल्याणपुर विकास पांडेय ने बताया कि हादसे में किशोर की मौत हुई है। परिजनों में आक्रोश था। उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।  

ट्रक की चपेट में आए दो सीओडी कर्मी, एक की मौत

चकेरी थानाक्षेत्र अंतर्गत दहेली सुजानपुर निवासी (39 वर्षीय) दीपक महेंद्र पांडेय सीओडी में अकाउंट विभाग में कार्यरत थे। उनके छोटे भाई हेमंत ने बताया कि शुक्रवार रात वह साथी कर्मचारी गौतम कुमार के साथ स्कूटी से ऑफिस में कार्यरत एक कर्मचारी के तिलक समारोह में पनकी गए हुए थे। रात करीब नौ बजे के आसपास वह घर लौट रहे थे, इसी दौरान पनकी पड़ाव के पास मोड़ पर अनियंत्रित ट्रक ने अचानक मोड़ दिया। जिसकी चपेट में आने से दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं साथी गौतम गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं हादसे की जानकारी मृतक के परिजनों को दी तो कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि हादसे के बाद आसपास के लोगों ने ट्रक को घेरकर पकड़ लिया लेकिन चालक भागने में सफल रहा। पनकी पुलिस के अनुसार परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। 

जनरथ बस ने टेंपो में मारी टक्कर एक की मौत, दो घायल

चकेरी थानाक्षेत्र अंतर्गत रूमा निवासी किसान बचान कुशवाहा, जितेंद्र कुशवाहा शनिवार तड़के गांव के किसान श्रीराज नारायण कुशवाहा के साथ सब्जी लेकर टेंपो से रामादेवी सब्जी मंडी जा रहे थे। रास्ते में अहिरवां चौकी के पास महाराजपुर की ओर से आ रही जनरथ बस ने पीछे से टेंपो में टक्कर मार दी। जिससे बचान कुशवाहा और जितेंद्र कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गए। इस बीच बांदा निवासी बस चालक रोहित कुमार और कंडक्टर अजय मिश्रा मौके से भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए हैलेट भेजा। जहां उपचार के दौरान बचान कुशवाहा की मौत हो गई। थाना प्रभारी अंजन कुमार ने बताया कि बस को कब्जे में ले लिया गया है। पीड़ित परिवार से तहरीर मिलने पर मामला दर्जकर कार्रवाई की जाएगी।

हादसे में घायल युवक की मौत

घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जहानाबाद मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल गूंजा गांव निवासी (34 वर्षीय) प्रवीण उर्फ मोनू की इलाज के दौरान मौत हो गई है। हादसा  भोगनीपुर-चौडगरा मार्ग पर स्थित एक गेस्ट हाउस के पास हुआ था। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। रहगीरों ने पुलिस को घटना की सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस की मदद से घाटमपुर सीएचसी पहुंचाया था, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर युवक को गंभीर हालत में हैलट रेफर कर दिया था। जहां इलाज के दौरान शुक्रवार देर रात युवक की मौत हो गई। इस मामले में घाटमपुर थानाध्यक्ष रामबाबू ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार