गरमपानी: ज्योग्याड़ी के लोग सिर पर पानी ढोने को मजबूर

Amrit Vichar Network
Published By Shweta Kalakoti
On

दो वर्ष से पेयजल आपूर्ति का इंतजार कर रहे फल्याड़ी तोक के वाशिंदे

कई बार आवाज उठाने पर भी नहीं हुई सुनवाई, गर्मी में संकट बढ़ने का अंदेशा 

गरमपानी, अमृत विचार। बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में पेयजल संकट बढ़ता ही जा रहा है। ज्योग्याड़ी ग्राम पंचायत में आए दिन पेयजल आपूर्ति चरमराने ने ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्राम पंचायत के फल्याड़ी तोक के वाशिंदे पिछले दो वर्षों से पेयजल आपूर्ति सुचारु किए जाने की मांग उठा रहे हैं। बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही। ग्राम प्रधान ने व्यवस्था में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। 
लगातार पेयजल संकट से जूझ रहे गांवों के वाशिंदों का अब पारा चढ़ने के साथ ही भविष्य की चिंता भी सताने लगी है।

बेतालघाट ब्लॉक के ज्योग्याड़ी ग्राम पंचायत के सौ से भी ज्यादा परिवार आए दिन पेयजल आपूर्ति चरमराने से परेशान हैं। संकट बढ़ने पर दूरदराज से सिर पानी पानी ढोकर घर तक पहुंचाना मजबूरी बन चुका है। गांव के समीपवर्ती तोक फल्याड़ी तोक में हालात और विकट है। तोक में रहने वाले दस से ज्यादा परिवार बीते दो वर्ष पूर्व आई आपदा के बाद से ही पेयजल संकट झेल रहे हैं।

कई बार आवाज उठाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ग्राम प्रधान शीला देवी ने आरोप लगाया है की बिल तो वसूले जा रहे हैं पर समुचित पेयजल आपूर्ति नहीं की जा रही है। गर्मी में संकट गहराने का अंदेशा भी बढ़ता जा रहा है। चेतावनी दी है की यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो फिर ग्रामीणों को साथ लेकर आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। 

 

संबंधित समाचार