शाहजहांपुर: सिसोदिया की गिरफ्तारी पर AAP कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन, रिहाई की मांग

Amrit Vichar Network
Published By Vikas Babu
On

राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा

शाहजहांपुर, अमृत विचार। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार को आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। खिरनी बाग में सभी कार्यकर्ता इकट्ठा हुए और नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे जहां राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट आशीष सिंह को सौंपा। जिसमें दिल्ली के उप मुख्यमंत्री को रिहा किए जाने और उनके ऊपर लगाए आरोपों से उन्हें बरी किया जाए।

आम आदमी पार्टी के जिला प्रभारी निर्मल मिश्रा के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता सोमवार दोपहर खिरनीबाग रामलीला मैदान के पास इकट्ठा हुए। यहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच कहा कि दिल्ली के बच्चों के सुनहरे भविष्य के लिए रात दिन मेहनत करने वाले आम आदमी पार्टी के शिक्षा मंत्री/उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार करके भाजपा ने यह साबित कर दिया कि वह आम आदमी पार्टी के सिद्धांतों और उसकी बढ़ती लोकप्रियता से कितना भयभीत है।

जिलाध्यक्ष राजीव कुमार यादव ने कहा कि दिल्ली की शिक्षा, यातायात व्यवस्था और चिकित्सा मॉडल सभी देशवासियों की पहली पसंद है। उन्होंने कहा कि क्या राष्ट्रहित में जनता की सेवा करना अपराध है? अगर प्रधानमंत्री मोदी वास्तव में भ्रष्टाचारियों को सजा देना चाहते हैं तो आज तक अपने मित्र अडानी के ऊपर उन्होंने किसी तरह की जांच क्यों नहीं करवाई।

उन्होंने कहा कि भाजपा की तानाशाही चरम सीमा पर है और इस प्रकार का असंवैधानिक कृत्य आम आदमी पार्टी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी। सभा के बाद पार्टी कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां कलेक्ट्रेट गेट पर कुछ देर रूक कर कार्यकर्ताओं ने मोदी-अडानी के खिलाफ जमकर नारेबाजी।

बाद में कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंचकर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।जिसमें कहा गया है कि सरकार के दबाव में जांच समितियां असंवैधानिक कृत्य में लिप्त हैं, तो इनकी जांच करवाई जाए और मनीष सिसोदिया के साथ सभी आप नेताओं को रिहा कर बेबुनियाद आरोपों से बरी किया जाए। इस दौरान नगर अध्यक्ष संजय सक्सेना समेत तमाम पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: घास काटने गई युवती की नदी में डूबकर मौत, मचा कोहराम

संबंधित समाचार