Unnao: वकालत का पेपर देने आए छात्रों के मोबाइल, पर्स व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरों ने किए पार, खुलासें के लिए लगी टीम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में पेपर देने आए छात्रों का सामान चोरी।

उन्नाव के सदर कोतवाली क्षेत्र में बीए-एलएलबी के पेपर देने आए छात्रों के चोरों ने मोबाइल, वर्स व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पार कर दिए। सीओ ने पुलिस के साथ सर्विलांस टीम को भी लगाया।

उन्नाव, अमृत विचार। सदर कोतवाली अंतर्गत डीएसएसएन महाविद्यालय में बीए-एलएलबी के प्रथम वर्ष के छात्रों की तीन स्कूटी से 15 से 20 मोबाइल, पर्स व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरों ने पार कर दिए। परीक्षा देकर जब छात्रों को मोबाइल आदि गायब मिले तो उनके होश उड़ गए। छात्रों ने पहले सदर कोतवाली फिर एसपी आफिस पहुंचकर शिकायती पत्र दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कॉलेज के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। 

डीएसएन कालेज में परीक्षा देने आए छात्रों अनुराग मोहन कृष्ण सिंह, रीता सिंह, धर्म विजय सिंह, हरिनाम, रूपेश यादव, राहुल दीक्षित व हिमांशु आदि ने बताया कि वे सभी बीए-एलएलबी प्रथम वर्ष के छात्र हैं। उनकी दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा बुधवार को थी। परीक्षा केंद्र में मोबाइल आदि ले जाना वर्जित था तो उन लोगों ने अपनी तीन स्कूटी की डिग्गी में अपने मोबाइल फोन, स्मार्ट वाच, नेक बैंड, हैंड फ्री, ब्लू टूथ व पर्स आदि रख दिये थे।

इसके बाद सभी परीक्षा देने केंद्र में चले गए। वापस लौटने पर जब उन्हांने डिग्गी खोली तो मोबाइल समेत अन्य सभी कीमती सामान गायब देख उनके होश उड़ गए। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पीड़ित छात्रों ने कोतवाली पुलिस के साथ ही एसपी को भी शिकायती पत्र दिया है। छात्रों का आरोप है कि वहां लगे सीसीटीवी कैमरे बंद थे। छात्रों के मुताबिक गायब मोबाइल की कीमत लाखों में हैं। छात्रों के पास आई फोन जैसे कीमती मोबाइल थे जो चोरी चले गए।

सीओ सिटी आशुतोष कुमार ने बताया कि किला चौकी प्रभारी नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर इसकी जांच कराई जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज दिखवाई जा रही है। घटना के खुलासे में सर्विलांस टीम भी लगाई गई है। जल्द ही गायब मोबाइल बरामद कर चोर को गिरफ्तार किया जाएगा।

संबंधित समाचार