अमरोहा : युवती की बरामदगी को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, प्रभारी निरीक्षक से हुई तीखी नोकझोंक
सीओ ने ग्रामीणों के शांत कराया, युवती ने गांव के ही युवक से किया था प्रेम विवाह
हसनपुर (अमरोहा), अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के गांव से एक सप्ताह पहले लापता हुई युवती की बरामदगी की मांग को लेकर परिजनों व कोतवाल के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। मौके पर पहुंचे सीओ ने समझाकर ग्रामीणों को शांत कराया। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
गांव रखेड़ा निवासी रिशाल सिंह की पुत्री मधु का कुछ दिनों पहले गांव के ही एक युवक से प्रेम विवाह हुआ था। तभी से वह उस युवक के परिवार के साथ उसके घर रह रही थी। 22 फरवरी से वह गांव से लापता है। युवती के पिता ने कोतवाली में 25 फरवरी को तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए 25 फरवरी को कोतवाली गेट पर प्रदर्शन भी किया था।
बुधवार को गांव रखेड़ा के ग्रामीण परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक से मिले और उन्हें आपबीती सुनाई। पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों को हसनपुर कोतवाली भेज दिया। जब ग्रामीण कोतवाली पहुंचे तो किसी बात को लेकर प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार वर्मा से उसकी नोकझोंक हो गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी अभिषेक यादव ने ग्रामीणों को समझाकर शांत किया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पीड़ित ने नामजद तहरीर दी है। मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। इस दौरान ग्राम प्रधान मान सिंह, पूर्व प्रधान बाबूराम, सतवीर, महिपाल सिंह, चरण सिंह, मुखिया, दीवान, खूबचंद, आदेश, ऋषिपाल सिंह, शकुंतला, मायावती, कुसुम, नन्ही, वाला, चंद्र वती, रजनी, कौशल, संतोष होशियारी व सावित्री आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें : अमरोहा : पुलिस ने चोरी के 12 ट्रैक्टर पकड़े, दो आरोपी गिरफ्तार
