बरेली: बारिश से सड़कें-गलियां जलमग्न, रास्ता चलना मुश्किल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बारिश के कारण शहर की अधिकांश सड़कें फिर से जलमग्न हो गईं। इसके साथ ही फिर नगर निगम के बड़े-बड़े दावे धराशायी हो गए। नालियों में भरा कचरा और सीवर की गंदगी जहां-तहां सड़कों पर बहती रही। कई जगह दुकानों और घरों में बारिश का पानी घुसने से लोगों को भारी परेशानी …

बरेली, अमृत विचार। बारिश के कारण शहर की अधिकांश सड़कें फिर से जलमग्न हो गईं। इसके साथ ही फिर नगर निगम के बड़े-बड़े दावे धराशायी हो गए। नालियों में भरा कचरा और सीवर की गंदगी जहां-तहां सड़कों पर बहती रही। कई जगह दुकानों और घरों में बारिश का पानी घुसने से लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

सड़कों के गड्ढों में पानी भरने से राह चलना भी लोगों के लिए मुश्किल हो गया है। जिम्मेदार कई अफसरों के आफिस और आवास परिसर में भी जलभराव की स्थिति देखने को मिली। कलेक्ट्रेट से लेकर नगर आयुक्त आवास तक पानी भर गया। कई जगहों पर चल रहे निर्माण कार्यों को बारिश के कारण रोकना पड़ा।

गुरुवार को दिन भर रुक-रुक कर बारिश होने से शहर की सड़कों के गड्ढें, सीवर लाइन की खुदाई के कारण मिट्टी दलदली होने से फिसलन बढ़ गई। कई सड़कों में गहरे-गहरे गड्ढे दिखाई देने लगे। कई जगहों पर सड़कों के दोनों किनारों की मिट्टी भी धंस रही है। शहर की सड़कों पर लोग संभलकर न चले तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। कई पॉश कालोनियों के अंदर की बनी सड़कों की हालत भी दयनीय है। बदहाल, जल निकासी व्यवस्था के चलते शहर के कई मोहल्ले की गलियां तालाब में तब्दील नजर आ रही हैं। कुछ जगहों पर तो नालों के गंदे पानी से सड़कें डूब गई हैं। करोड़ों रुपये खर्च कर की गई तैयारी इस साल भी धरी रह गई है।

हजियापुर और बाकरगंज जैसे वार्डों में सड़कों में कई फीट पानी भर गया। हाल इतने खराब हैं कि शहर में कुछ ही मिनट की बारिश में मुख्य सड़क पर भी पानी जमा हो रहा है। रामपुर बाग, सिविल लाइंस जैसे प्रमुख स्थानों की सड़कें भी बारिश से अछूती नहीं रहतीं। यहां तक कि कलेक्ट्रेट और एसएसपी आफिस का परिसर भी जलभराव से जूझ रहा है। इसके पीछे बड़ी वजह यह है कि नगर निगम विकास के नाम पर भले ही करोड़ों रुपये खर्च करने का दावा कर रहा हो लेकिन आज तक जलभराव के ठिकानों पर ध्यान नहीं दिया गया है। यही कारण है कि शहर में जरा सी बरसात होते ही गली-मोहल्लों में पानी जमा हो जाता है।

शहर में कई ऐसे वार्ड हैं, जिनमें लोगों के घरों को जाने वाली सड़कों पर पानी जमा हो गया है। डेलापीर का तालाब भी भर गया है। यहां से पानी आसपास के घरों में भी घुस रहा है, जिनमें राजेंद्र नगर का इलाका भी शामिल है। दूसरी तरफ टूटी सड़कें बरसात के दिनों में लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं। सीवर लाइन की खुदाई वाले मार्गों पर हल्की बारिश में ही फिसलन हो रही है। इस वजह से लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। कालीबाड़ी से श्यामगंज को जानी वाली सड़क पर कीचड़ हो गई है। आईवीआरआई पुल और चौपुला पुल के पास पानी जमा हो गया था।

शहर के श्यामगंज, माडल टाउन, पुराना शहर, कसाई टोला, जगतपुर, शाहदाना,आजम नगर, संजय नगर, कालीबाड़ी, चक महमूद नगर, रबड़ी टोला, सूफीटोला, घेर शेख मिट्टू, बाकरगंज, कटरा चांद, नेकपुर, बारिश के कारण बिहारीपुर, सौदागरान आदि इलाके बारिश में जलभराव से प्रभावित हुए।

संबंधित समाचार