अयोध्या : होली पर अवैध शराब की बिक्री व तस्करी करने वालों की खैर नहीं
15 तक चलेगा प्रवर्तन अभियान, पांच तहसीलों में टीमें गठित
अयोध्या, अमृत विचार। होली पर अवैध शराब की बिक्री और तस्करी करने वालों की खैर नहीं है। प्रशासन ने इस पर अंकुश लगाने के लिए जनपद के पांच तहसीलों में टीमें गठित कर दी है। यह टीमें 15 मार्च तक प्रवर्तन अभियान चलाएंगी। टीम में आबकारी, पुलिस व राजस्व विभाग के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहेंगे। कार्रवाई के लिए अवैध मदिरा के कार्य में संलिप्त माफिया व तस्करों की सूची टीम को उपलब्ध करा दी गई है। साथ ही टीम को निर्देशित किया गया है कि राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों पर स्थित संदिग्ध ढाबों, जहां अल्कोहल के टैंकर रुकते हैं उनकी आकस्मिक जांच कराई जाए।
जिलाधिकारी नितीश कुमार की ओर से जारी पत्र के अनुसार टीम में मुख्य रूप से एसडीएम, पुलिस क्षेत्राधिकारी व एक आबकारी निरीक्षक को रखा गया है। निर्देशित किया गया है कि अवैध मदिरा के संदिग्ध अड्डों पर छापेमारी की कार्रवाई की जाए। आरोपियों पर एफआईआर दर्ज करायी जाए। क्षेत्र में सबसे दूरस्थ जंगल क्षेत्र अथवा निर्जन स्थान पर स्थापित दुकानों पर अवैध और मिलावटी शराब बिकने की संभावना अधिक होती है। इसकी रोकथाम के लिए ऐसी दुकानों पर सतर्क दृष्टि एवं निगरानी रखा जाना सुनिश्चित करें। साथ ही मदिरा का नमूना लेकर प्रयोगशाला में परीक्षण हेतु भेजा जाए। देशी, विदेशी मदिरा, बीयर और मॉडल शाप की फुटकर बिक्री की दुकानों पर ओवर रेट के सम्बन्ध में जांच कराएं और शिकायत की पुष्टि मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाए।
बंद फैक्ट्रियों पर भी रखी जाएगी नजर
बिक्री की दुकानों के आस-पास खली पड़े मकानों व दुकानों पर आकस्मिक छापेमारी की कार्रवाई किए जाने के भी निर्देश दिए गए हैं। अवैध मदिरा के निर्माण एवं बिक्री के कई प्रकरण बंद पड़ी फैक्ट्रियों में पकड़े गये हैं। अत: जनपद में स्थित ऐसी फैक्ट्रियों को चिह्नित कर उन पर नजर रखी जाय। प्रवर्तन अभियान के दौरान किसी भी कार्मिक द्वारा बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ा जायेगा।
वर्जन
15 मार्च तक प्रवर्तन अभियान चलेगा। इस दौरान कच्ची व अवैध शराब की बिक्री करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। आबकारी विभाग के सभी इंस्पेक्टर फील्ड में प्रतिदिन चेकिंग के लिए निकल रहे हैं।
- अतुल चंद द्विवेदी, जिला आबकारी अधिकारी
