मुरादाबाद : रंग एकादशी पर शोभायात्रा में उड़ा अबीर गुलाल, झांकियों का रहा आकर्षण

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

नगर विधायक रितेश गुप्ता ने नारियल तोड़कर शोभायात्रा निकाली, भाजपा नेताओं के साथ शामिल हुए शहर के नागरिक

मुरादाबाद। राष्ट्रीय पर्व होली समिति की ओर से शुक्रवार को खत्री धर्मशाला से रंग एकादशी पर शोभायात्रा निकाली गई। मुख्य अतिथि नगर विधायक रितेश गुप्ता और राष्ट्रीय पर्व होली समिति के महासचिव रवि मेहरोत्रा, अध्यक्ष श्याम खन्ना के नेतृत्व में निकली शोभायात्रा पानदरीबा, बर्तन बाजार, गुरहट्टी चौराहे से होकर गुजरी। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा में शामिल लोगों का रंग गुलाल लगाकर स्वागत किया।

होली गीतों पर धमाल मचाते हुए शोभायात्रा शहर के प्रमुख रास्ते से होकर बुध बाजार की ओर रवाना हुई। शोभायात्रा में अनुमति के पेच के चलते समिति के पदाधिकारियों ने नाराजगी जताई थी। इसीलिए तैयारियां असमंजस में पड़ गई। जिससे पिछले वर्षों के मुकाबले इस बार झांकी कम रही। केवल भोले की बारात और राधा कृष्ण की झांकी शोभायात्रा में शामिल रही।

शोभायात्रा में भाजपा महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्रा, निवर्तमान पार्षद गौरव श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। जिला और पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था बनाने में लगी रही। जिन रास्ते से होकर शोभायात्रा निकाली गई वहां पुलिस अधिकारियों के अलावा प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मी, पीएसी के जवान आदि तैनात रहे।

ये भी पढ़ें :  Santosh Trophy : मेघालय इतिहास रचने की ओर, कर्नाटक को 54 साल में पहली संतोष ट्राफी की तलाश 

संबंधित समाचार