अयोध्या: दिखने लगा गर्मी का असर, Heat stroke से हो जाएं सावधान
मार्च के पहले सप्ताह में ही तपने लगी धूप, हवाएं कर रही बेहाल
अमृत विचार, अयोध्या। मार्च महीने के पहले सप्ताह से ही मौसम में बदलाव शुरू हो गया है। दिन में कड़ी धूप झुलसाने लगी है वहीं गर्म हवाएं लोगों बेहाल कर रही है। ऐसे में हीट स्ट्रोक (लू) की संभावना बढ़ गई है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को हीट स्ट्रोक से बचने के साथ ही सावधानी बरतने की सलाह दी जाने लगी है। वहीं दूसरी ओर मौसम में हो रहे बदलाव के कारण अस्पतालों में सर्दी-जुकाम व बुखार के मरीजों की तादात भी बढ़ी शुरू हो गई है।
मौसम में हो रहे बदलाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से हीट स्ट्रोक (लू) से लोगों को सावधान रहने व बचाव के तरीकों को अपनाने के लिए निर्देश जारी किया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉॅ. अजय राजा ने बताया कि गर्मी के मौसम में सबसे ज्यादा खतरा हीट स्ट्रोक का होता है, ऐसे में लोग कुछ सावधानी बरतने के साथ ही कुछ जरूरी उपाय कर हीट स्ट्रोक के खतरे से अपनी सुरक्षा कर सकते हैं।
बुखार के रोज आ रहे 100 से 150 मरीज
मौसम में हो रहे बदलाव के कारण अस्पतालों में सर्दी, जुकाम व बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। जिला अस्पताल में अमूमन मौसमी बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि अभी स्थिति सामान्य है। घबराने की जरूरत नहीं है, डायरिया आदि मरीज अभी नहीं आ रहे हैं। हालांकि बदलते मौसम के लोगों को सेहत के प्रति सावधानी बरतना जरूरी है। जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सीबीएन त्रिपाठी ने कहा कि मौसम बदल रहा है तो मरीजों की संख्या भी बढ़ी है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन ओपीडी में लभगग 1000 से 1200 मरीज आ रहे हैं, जिसमें लगभग 100 से 150 मरीज बुखार से संबंधित आ रहे हैं। उनका कहना है कि अस्पताल प्रशासन की ओर से लोगों के इलाज के लिए व्यवस्था चाक चौबंद की गई है।
क्या करें-
- प्यास न लगे फिर भी करें पानी का सेवन, हलके वस्त्र पहनें।
- धूप के चश्मे, छाता, टोपी व चप्पल का प्रयोग करें ।
- पानी की कमी दूर करने के लिए करें ओआरएस व पेय पदार्थों का अधिक उपयोग
- अपने घरों को ठंडा रखें, शाम को कमरों को ठंडा करने के लिए खोल दें
- श्रमसाध्य कार्यों को ठंडे समय में करने / कराने का प्रयास करें।
क्या न करें-
- बच्चों को खड़ी गाड़ियों में न छोड़े।
- दोपहर 12 से 03 बजे के मध्य सूर्य की रोशनी में जाने से बचें।
- गहरे रंग के भारी तथा तंग कपड़े न पहनें।
- जब बाहर का तापमान अधिक हो तब श्रमसाध्य कार्य न करें।
ये भी पढ़ें - लखनऊ: अखिलेश यादव ने दोनों डिप्टी CM की अनुपस्थिति पर उठाये सवाल, Tweet कर मांगा जवाब
