Unnao Accident : सड़क हादसों में तीन की मौत व तीन घायल, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में सड़क हादसों में तीन की मौत।

उन्नाव के मौरावां, सफीपुर, अजगैन व सदर कोतवाली क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में तीन की मौत हो गई। जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दी।

उन्नाव, अमृत विचार। जिले के विभिन्न थानाक्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में एक महिला व मेडिकल स्टोर संचालक समेत तीन की मौत हो गई। जबकि, तीन घायलों को स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। हादसे मौरावां, सफीपुर, अजगैन व सदर कोतवाली क्षेत्र में हुए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। घटना की जानकारी से मृतक परिजनों में कोहराम मच गया।
 

ब्रेक फेल होने पर डंपर से टकराई बस, यात्री बाल बाल बचे

लखनऊ-कानपुर हाइवे पर सदर कोतवली अंतर्गत लखनऊ से कानपुर जा रही तिर्वा डिपो की बस ब्रेक फेल होने से सड़क किनारे खड़े डंपर में जा टकराई। गनीमत रही कि इसमें चालक-परिचालक समेत सभी 30 सवारियां बाल-बाल बच गईं। ललऊखेड़ा चौकी प्रभारी बृजमोहन सैनी ने बताया कि ब्रेक फेल होने से हादसा हुआ था। सभी लोग सुरक्षित हैं। यात्रियों को दूसरे साधन से गंतव्य को भेज दिया गया है। बस किनारे करवाकर यातायात सुचारु करवा दिया गया है।  
 

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत

सफीपुर: कोतवाली क्षेत्र के गांव मुस्तफाबाद निवासी सरवन (30) पुत्र किशन शनिवार रात नौ बजे एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। चकलवंशी-परियर मार्ग पर बरहली गांव के पास एक पंप पर पेट्रोल डलवाने के लिए उसने बाइक मोड़ी तभी अज्ञात वाहन उसे टक्कर मारता हुआ निकल गया। हादसा देख पंप मालिक ने पुलिस को सूचना दी। परियर चौकी प्रभारी अखिलेश यादव ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टर ने उसे मृत बता दिया। मृतक की जेब से मिले मोबाइल से परिजनों को सूचना दी गई। हादसे की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। पिता ने बताया कि बेटा दो भाइयों में बड़ा व अविवाहित था। वह खेती करता था। बेटे की मौत पर पिता समेत मां नन्हीं रो-रोकर बेहाल हैं। 
 

दो हादसों में तीन घायल

सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के शंकरी देवी मंदिर के पास अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इसमें क्षेत्र के इंधनीमऊ गांव निवासी लवकुश (19) उसके साथ रहा सुनील (18) घायल हो गए। एक अन्य हादसे में हुलासी कुआं के पास ई रिक्शा में बाइक टकराने से बाइक सवार फतेहपुर गांव निवासी करन (19) घायल हो गया। तीनों को सीएचसी से गंभीर हालत देख जिला अस्पताल रेफर किया गया है। 

 

टोल प्लाजा के पास डंपर ने वृद्धा का रौंदा

नवाबगंज। अजगैन कोतवाली अंतर्गत लखनऊ-कानपुर हाइवे पर टोल प्लाजा के पास रविवार दोपहर दो बाइकों की टक्कर में एक बाइक पर बैठी गोकुलपुर निवासी गंगादेई (60) पत्नी मुन्नू उछलकर सड़क पर जा गिरी। तभी लखनऊ जा रहे डंपर ने उसे रौंद दिया। जिससे वृद्धा की मौके पर मौत हो गई। बाइक चला रहा उसका पौत्र सुकेश घायल हो गया। दो थानों का सीमाक्षेत्र होने से एसओ सोहरामऊ संदीप मिश्र व अजगैन कोतवाल वीके मिश्र मौके पर पहुंचे। परिजनों को समझा बुझा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सुकेश ने बताया कि वह दादी को दवा दिलाने नवाबगंज आया था। मृतका का पति मुन्नू खेती करता है। मां की मौत पर उसके दो बेटे व परिजन बेहाल हैं।
 

कार की टक्कर से मेडिकल स्टोर संचालक की मौत

मौरावां। थानाक्षेत्र के गुरुबक्शगंज मार्ग पर लच्छीखेड़ा गांव के पास शनिवार रात सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना में क्षेत्र के चौधरिन टोला निवासी बाइक सवार सतीश सिंह (40) गंभीर घायल हो गया। पिकेट के सिपाहियों ने उसे सीएचसी पहुंचाया। जहां डाक्टर ने उसे मृत बता दिया। सतीश मेडिकल स्टोर चलाता था। रात दुकान बंद कर घर लौट रहा था। उसकी मौत की सूचना घर पहुंची तो परिजनों में कोहराम मच गया। उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। उसकी मौत पर पत्नी ज्योति, दो बेटे अजय (13), कृष्णा (6) व बेटी साक्षी (16) रो-रोकर बेहाल हैं। एसओ अमरनाथ यादव ने बताया कि शव पोस्टमार्टम को भेजते हुए कार कब्जे में ली गई है। चालक भाग गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

संबंधित समाचार