अयोध्या: शोध छात्रा ने बताए मोटे अनाज के फायदे, चला रही हैं ये खास अभियान
अमृत विचार, अयोध्या। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय के खाद्य एवं पोषण विभाग की शोध छात्रा मृदुला पांडेय ने लोगों से मोटे अनाज के सेवन करने के साथ इससे होने वाले फायदों को लेकर अभियान चलाया है।
उन्होंने बताया कि मोटे व सूक्ष्म अनाज वे पोषक अनाज है जो अत्यधिक पौष्टिक और उच्च पोषक तत्वों के लिए जाने जाते हैं। इसमें प्रोटीन, आवश्यक वसा,अम्ल ,रेशा, लोहा तथा खनिज लवण उचित मात्रा में प्राप्त होते हैं। इसमें फाइटोकेमिकल्स, एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं जो कि कैंसर जैसी घातक बीमारियों से लड़ने में मदद करते हैं। मोटे अनाजों में जैसे -ज्वार, बाजरा, रागी, सावा, कोदो, आदि सम्मिलित है। आधुनिकता के इस दौर में लोग प्रत्येक अवसरों पर अति प्रसंस्कृति खाद्य पदार्थ जैसे मैदा का उपयोग व्यंजन बनाने में खूब कर रहे हैं जो कि स्वास्थ्य के लिए पूर्ण रूप से हानिकारक है।उन्होंने कहा कि मोटे अनाज के सेवन करने से लोग अधिक स्वस्थ रह सकते हैं।
