संभल : मेरी भैंस को डंडा क्यों मारा... दो समुदायों के बीच जमकर पथराव, छह घायल, 16 गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Priya
On

पुलिस ने दोनों समुदायों के 18 नामजद व 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज किया केस

संभल, अमृत विचार। गांव में विवाद के बाद दो समुदाय के लोग आमने-सामने आ गये। पहले लाठी-डंडे चले और फिर जमकर पथराव हुआ। पथराव में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से 16 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही  18 नामजद सहित 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

बहजोई के गांव कमालपुर में सुबह करीब आठ बजे एक व्यक्ति शराब के नशे में गालियां दे रहा था। आरोप है कि इस व्यक्ति ने मुस्लिम समुदाय के व्यक्ति की भैंस को लाठी मार दी। इसको लेकर गाली-गलौज हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्ष के लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए। इसके बाद दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दसरे पर जमकर पथराव किया। इससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर दौड़ने लगे। मारपीट व पथराव की सूचना मिलते ही कोतवाल पंकज लवानिया भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंच गए। 

पुलिस ने झगड़ा कर रहे लोगों को दौड़ा लिया। इस दौराान बवाल कर रहे दोनों समुदाय के 16 लोगों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। पथराव में घायल हुए जीराज, उसकी पत्नी जगपति, संजय, मुनेश, यूनिस, धीरज व मोहब्बत को बहजोई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के 18 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जबकि 16 लोगों का चालान कर न्यायालय में पेश किया है। एसपी चक्रेश मिश्रा ने बताया कि गांव में अब शांति है।

हिंदू समुदाय ने मंदिर निर्माण पर विवाद का लगाया आरोप
हिंदू समुदाय के जीराज ने बताया कि गांव में हनुमान मंदिर का निर्माण होना था। आज इसका शिलान्यास होना था। मुस्लिम समुदाय ने इस विरोध किया। हिंदू समुदाय के लोगों ने कहा कि मंदिर बनेगा तो वह आग-बबूला हो गए। इसी को लेकर पूरा बवाल किया गया। वहीं दूसरे समुदाय का कहना था कि बीती रात से ही हिंदू समुदाय का एक युवक शराब पीकर उनके समुदाय के लोगों को गाली दे रहा था। रात में तो वह चुप रह गए। लेकिन सुबह को फिर उसने शराब पीकर विवाद करना शुरू कर दिया। इसी को लेकर पूरा मामला हुआ।

गांव में किया गया भारी पुलिस बल तैनात 
गांव में विवाद की खबर मिलते ही सीओ बहजोई डॉ. प्रदीप कुमार सिंह और कोतवाल पंकज लवानिया भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। दोनों अधिकारियों ने किसी तरह मामले को नियंत्रण में किया। इसके बाद गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चौराहों तथा मिश्रित आबादी में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

इन लोगों के खिलाफ किया है दर्ज किया केस
पुलिस ने कमालपुर विवाद में रूपेश कुमार, मुनेश, चंद्रपाल, वीरेश, उमेश, सोमबीर, भूदेव, जीराज, यूनिस, अनीस, सद्दीक, मुस्ताक, दिलावर सैफी, नफीस, मोहब्बत, लाल मोहम्मद, संजय के अलावा 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

ये भी पढ़ें:- संभल: हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ा युवक, तीन घंटे छकाया

संबंधित समाचार