संभल: हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ा युवक, तीन घंटे छकाया
संभल, अमृत विचार। बदायूं -संभल हाईटेंशन बिजली लाइन के टावर पर युवक के चढ़ने से विभाग में खलबली मच गई। आनन-फानन में आपूर्ति बंद कराई गई, लेकिन युवक उतरने के लिए राजी नहीं हुआ। करीब तीन घंटे के बाद वह टावर से उतरा। तब अधिकारियों ने भी राहत की सांस ली। घटनाक्रम चर्चा का विषय बना रहा। युवक की जान के साथ ही संभल की बिजली आपूर्ति भी बाधित होने से बच गई।
जनपद के पाठकपुर में 400 केवी विद्युत उपकेंद्र चालू हो चुका है। इस बिजलीघर को बदायूं जिले की 4 लाख 40 हजार वोल्ट की लाइन से आपूर्ति होती है। संभल जिले का पारेषण विभाग इस लाइन का कार्य देख रहा है। शुक्रवार दोपहर 1:30 बजे उस समय विभाग में खलबली मच गई जब बदायूं की तहसील बिसौली के गांव भगवंतपुर में बिजली लाइन के टावर संख्या 39 पर बदायूं जनपद के ही गांव जाखाबाद निवासी करन सिंह चढ़ गया।
हालांकि उस वक्त लाइन में आपूर्ति सुचारू थी। गनीमत रही कि वह लाइन की रेंज में नहीं आया। विभाग को युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए। बदायूं जिले के अधिकारियों से संपर्क करके करीब एक घंटे के भीतर आपूर्ति भी बंद करा दी। इस बीच अधिकारी युवक के उतरने का इंतजार करते रहे। लेकिन उसने घंटों तक छकाया। करीब 4:30 बजे वह नीचे उतरा, तब अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
युवक ने टावर के नट-बोल्ट खोलकर फेंके
टावर पर चढ़े करन सिंह की गतिविधि देख अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। उसने टावर के नट-बोल्ट भी खोलकर नीचे गिरा दिए। अधिकारियों को अंदेशा था कि कहीं युवक लाइन की रेंज में आ गया तो हादसा हो जाएगा। उस स्थिति में संभल जिले की बिजली भी बाधित होगी। गनीमत रही कि विभाग ने समय रहते सूझबूझ से बिजली आपूर्ति बंद करा दी।
बदायूं-संभल बिजली लाइन पर युवक चढ़ गया था। उसने नट-बोल्ट भी खोलकर नीचे गिरा दिए थे। विभागीय सूझबूझ के चलते युवक को नीचे उतार लिया गया। अगर हादसा होता तो संभल जिले की आपूर्ति भी बाधित हो जाती---सुबोध कुमार, एसडीओ पारेषण।
यह भी पढ़ें- संभल: हरे पेड़ काटने में प्रधान के खिलाफ केस, जांच शुरू
