Moradabad: राजभर बोले...20 साल तक एनडीए को नहीं हटा सकता कोई 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद/ अमरोहा। प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। मुरादाबाद में पार्टी कार्यालय पर राजभर ने कहा कि आने वाले 20 साल तक एनडीए को हटाने वाला कोई नहीं है। सबसे पहले वोट चोरी कांग्रेस ने ही की थी। कहा कि दो वोट पाने वाले प्रधानमंत्री बन गए और 11 वोट पाने वाले पीछे रह गए। वहीं अमरोहा में जनसभा में कहा कि सपा व बसपा ने मुस्लिमों का वोट लेकर उनको ठगा है। मुस्लिमों को केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया है।

अमरोहा से लौटते वक्त पार्टी के जिला कार्यालय में प्रेस वार्ता में ओमप्रकाश राजभर ने दिल्ली में कांग्रेस की रैली से पहले कांग्रेसी कार्यकर्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी (कब्र खुदेगी) को अनुचित बताया और कहा कि इस तरह की बयानबाजी अच्छी बात नहीं है। कहा कि कांग्रेस की तो खुद ही कब्र खुद चुकी है, अब वह दूसरे की क्या कब्र खोदेगी। राजभर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी के लोग प्रधानमंत्री की माता को गाली देते हैं और देश की महिलाओं का भी अपमान कर चुके हैं। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब भी वह विदेश जाते हैं, भारत को कटघरे में खड़ा करते हैं। अब उनकी बातों का कोई वजूद नहीं रह गया है। 

एसआईएआर को लेकर समाजवादी पार्टी और विपक्ष के विरोध पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विपक्ष केवल सड़कों पर बयान दे रहा है,जबकि हकीकत यह है कि वही लोग बूथ पर जाकर अपना-अपना फार्म भर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विरोध सिर्फ दिखावे तक सीमित है। इससे पहले अमरोहा में एक निजी इंस्टीट्यूट में विशाल जनसभा को उन्होंने संबोधित किया। कहा कि सुभासपा का प्रयास है कि सभी को समान शिक्षा का अधिकार लागू कराया जाए। एक गरीब का बच्चा क से कबूतर नहीं बल्कि क से कम्प्यूटर पढ़े। कहा कि अपने बच्चों को उच्च शिक्षा जरूर दिलाएं। शिक्षा में किसी प्रकार का भेदभाव न किया जाए। सपा और बसपा पर निशान साधते हुए कहा कि इन्होंने मुस्लिम को केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया है। इनके वोट के दम पर केवल चार व सात प्रतिशत जनसंख्या वाले मुख्यमंत्री बने हैं जबकि 20 प्रतिशत जनसंख्या का कोई भी मुख्यमंत्री नहीं बना सके हैं। उन्होंने केंद्र में पीएम मोदी व प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी जमकर तारीफ की। कहा कि इनके नेतृत्व में देश व प्रदेश नित नए आयाम स्थापित कर रहे हैं।

कहा कि आगामी पंचायत चुनाव सुभासपा अपने दम पर लड़ेगी और विकास की नई इबारत लिखेगी। वहीं, आगामी विधानसभा चुनाव 2027 भाजपा के साथ सहयोगी पार्टी के रूप में लड़ेगी। जिलाध्यक्ष सत्यपाल तोमर, रवि चौधरी, आदेश अमरोहवी, अशोक अग्रवाल राष्ट्रीय अध्यक्ष व्यापार प्रकोष्ठ,डॉ. दयाराम भार्गव, बाली चौधरी, कन्हैया राम प्रजापति, बलराजसिंह, रामपाल, सुशील गुर्जर, संजय बंजारा, दीपक चौहान, जसवीर सिंह चौहान, विनीत चौहान, रमेश चौहान, अतिकुर रहमान, रामगोपाल जाटव, सुरेंद्र सिंह प्रधान, चंद्रसेन खड़गवंशी, जितेंद्र राणा, ज्योति, संजय प्रधान, बॉबी गुर्जर, सोमपाल प्रधान, राजीव कुमार, मुजीब उरहमान आदि मौजूद रहे।
इंसेट

प्रत्येक ग्राम पंचायत में 25 लोगों का हाेगा चयन
प्रदेश सरकार की ओर से पंचायत राज विभाग ने एक योजना लागू की है। इसमें प्रत्येक ग्राम पंचायत से 25-25 लोगों का चयन करते हुए उनके निशुल्क आवास, राशन, शौचालय, पानी की व्यवस्था की जाएगी। इन्हें गरीबी की रेखा से ऊपर उठाने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही इन्हे 1.5 लाख रुपये का बिना ब्याज का लोन दिलाकर इनके आर्थिक स्थिति सुदृढ़ की जाएगी।

 

संबंधित समाचार