Kanpur: मनाने के बाद भी घरवाले नहीं हो रहे थे राजी, पुलिस ने चौबेपुर थाने में कराई शादी तो प्रेमी-प्रेमिका के खिले चेहरे
कानपुर के चौबेपुर थाने में पुलिस ने प्रेमी-प्रेमिका की शादी कराई।
कानपुर के चौबेपुर थाने में पुलिस ने प्रेमी-प्रेमिका की शादी कराई। घरवालों के राजी नहीं होने पर प्रेमी-प्रेमिका थाने पहुंचे थे।
कानपुर, अमृत विचार। प्यार में बाधक बने घर वालों की शिकायत लेकर शनिवार को थाने पहुंची प्रेमिका की थाना प्रभारी ने दोनों परिवारों की सहमति के बाद उसके प्रेमी के साथ शादी करा दी। पुलिस की मौजूदगी में अपना प्यार पाकर प्रेमी युगल के चेहरों पर भारी खुशी नजर आई।
मूलरूप से झारखंड प्रांत का निवासी शंकर (23) व बिहार प्रांत की रहने वाली सरस्वती (21) अपने परिजनों के साथ क्षेत्र स्थित कालरा ब्रिक फील्ड में विगत लगभग दो वर्षों से ईंट पथाई का काम कर रहे हैं। इसी दौरान दोनों के बीच प्यार पनप गया। बीते करीब एक वर्ष से प्रेमी युगल शादी के लिए घरवालों से गुहार लगा रहे थे, लेकिन इस विवाह के लिए लड़की का पिता और लड़के का भाई राजी नहीं थे। शादी में बाधक बने घर वालों से परेशान सरस्वती आखिरकार शनिवार को समाधान दिवस पर थाने पहुंची और थाना प्रभारी जगदीश प्रकाश पांडे को अपनी पूरी समस्या बताई।
जिस पर एसओ ने दोनों ही परिवारों को थाने में बुला लिया। लड़का व लड़की के बालिग होने की बात कह दोनों के परिवारीजनों को समझाया। इसके बाद लड़की और लड़के के घर वाले शादी के लिए सहर्ष राजी हो गए। तत्पश्चात पुलिस ने आनन-फानन आचार्य को मौके पर बुला लिया। आचार्य द्वारा थाना परिसर में ही बने मंदिर में कराए गए वेद मंत्रोचार के दौरान प्रेमी युगल ने एक-दूसरे को जयमाल पहनाई।
इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने भी नवविवाहित जोड़े को उनके खुशहाल जीवन का आशीर्वाद दिया। थाना प्रभारी जगदीश प्रकाश पांडे ने बताया कि लड़का और लड़की दोनों ही बालिग हैं। दोनों के परिजनों की सहमति के बाद शादी संपन्न हुई ।
