Auraiya News : प्रेम विवाह से नाराज पिता ने दो बेटों के साथ सिर मुंडवाया, बोला- मर गई बेटी, फिर हुआ ये
औरैया में प्रेम विवाह से नाराज पिता ने दो बेटों के साथ सिर मुंडवाया।
औरैया के दिबियापुर कस्बे में प्रेम विवाह से नाराज पिता ने दो बेटों के साथ मुंडवाकर सांकेतिक पिंडदान किया। पिता ने कहा कि उसके लिए बेटी मर गई। उधर, घटना से आहत भाई ने जहरीला पदार्थ खा लिया। प्यार होने के बाद प्रेमी युगल ने कोर्ट में शादी की।
औरैया, अमृत विचार। कस्बा की एक युवती की ओर से प्रेम विवाह कर लिया गया। इसकी जानकारी जब परिजनों को हुई तो उन्होंने इसका विरोध किया और युवती को समझाने की कोशिश की। काफी समझाने के बाद भी जब मामला नहीं निपटा तो युवती प्रेमी के साथ थाना पहुंच गई। थाना में काफी देर तक समझौता का प्रयास किया गया, लेकिन वह अपने प्रेमी के साथ चली गई। लोकलाज के भय से युवती के भाई ने जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन उसे आनन-फानन अस्पताल ले गए। यहां पर डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया।
मामला दिबियापुर कस्बे की है। यहां पर एक प्रेमी युगल ने पहले आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। बाद में जब परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने इसका विरोध किया। लेकिन युवती अपने परिजनों के साथ जाने को अड़ी रही। थाना पहुंचकर दोनों ने कोर्ट मैरिज के कागजात दिखाए। लड़की के पिता व भाई ने उन्हें काफी समझाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि वे शादी नहीं स्वीकार करेंगे। युवक-युवती के आपस में शादी करने की बात घर में बताने पर पिता काफी नाराज थे।
इसके बाद उन्होंने अपने दोनों बेटों के साथ सिर मुंडवाकर सांकेतिक पिंडदान करने के बाद अंतिम संस्कार कर दिया। इसके बाद पिता ने कहा कि अब मेरी बेटी मेरे लिए मर चुकी है। यह सब देख रहा भाई इतना आहत हुआ कि घर आकर उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके बाद उसकी इतनी हालत बिगड़ गई कि परिजन उसे निजी चिकित्सक के यहां लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने इलाज शुरू किया। इसके बाद दूसरे निजी चिकित्सक के यहां रेफर कर दिया गया। थाना अध्यक्ष बीपी रस्तोगी ने बताया कि युवक-युवती बालिग हैं और वह एक-दूसरे के साथ रहने को तैयार हैं।
