लखनऊ: पौरुष अस्पताल पर नहीं हुई कार्रवाई, परिजनों ने कहा- अब सीएम से लगाएंगे गुहार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ,अमृत विचार। राजधानी के मोहनलालगंज के पौरूष अस्पताल में प्रसूता की मौत के मामले में दर्ज हुई एफआईआर के एक सप्ताह बाद भी कार्रवाई नहीं हो सकी है। यहां तक पुलिस की ओर से सीएमओ कार्यालय को भेजे गए पत्र का भी जवाब नहीं भेजा जा सका है।

 पुलिस का कहना है कि सीएमओ कार्यालय की ओर से की जा रही जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जा सकेगी। हालांकि परिजनों का कहना है कि अब वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिकायत कर कार्रवाई की मांग करेंगे।

मालूम हो कि, मोहनलालगंज के मऊ गांव के अवनींद्र अपनी पत्नी सोनी (22) को प्रसव पीड़ा होने पर एक मार्च को पौरूष अस्पताल ले गए थे। आरोप है हास्पिटल की संचालिका डॉ. सुधा सिंह ने जच्चा-बच्चा की हालत गंभीर बताकर सिजेरियन ऑपरेशन किया। इस दौरान प्रसूता की हालत गंभीर हो गई। 

आरोप है कि अस्पताल में प्रसूता की मौत के बाद उसे क्वीन मेरी रेफर कर दिया था। इस मामले के पति ने अस्पताल पर इलाज में लापरवाही करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को मुकदमा दर्ज किए जाने की तहरीर दी थू। पुलिस सीएमओ कार्यालय से रिपोर्ट आने का हवाला देकर टालमटोल कर रही थी।

वकीलों के हंगामे के बाद दर्ज हुई थी रिपोर्ट
घटना के बाद कार्रवाई के नाम पर सीएमओ ऑफिस और पुलिस की हीलाहवाली कर रही थी। इससे नाराज वकीलों ने पीड़ित परिवार के साथ चार मार्च को आयोजित तहसील समाधान दिवस में डीएम के सामने हंगामा किया था। जिसके बाद डीएम के निर्देश पर अस्पताल की संचालिका के विरुद्ध एफआईआर दर्ज हुई थी।

मामले की जांच चल रही है तीमारदार व अस्पताल संचालिका को बयान के लिए बुलाया गया है। आरोप साबित होने पर कार्रवाई की जाएगी ...डॉ. मनोज अग्रवाल, सीएमओ।

जिस दिन मुकदमा दर्ज हुआ था, उसी दिन जांच के लिए सीएमओ को रिपोर्ट भेज दी गई थी, लेकिन अभी तक सीएमओ की तरफ से कोई रिपोर्ट नहीं आई है ...कुलदीप दुबे, इंस्पेक्टर मोहनलालगंज।

यह भी पढ़ें:-खुलासा: स्पीड कम न करने पर हिस्ट्रीशीटर ने डीसीएम के ड्राइवर को मारी थी गोली

संबंधित समाचार