बरेली-दिल्ली हवाई सफर...17 मार्च के बाद किराये में मिलेगी राहत
बरेली, अमृत विचार। होली पर बरेली-दिल्ली हवाई सफर काफी महंगा रहा। एयर ट्रैफिक इतना बढ़ा कि किराये में हुई बढ़ोत्तरी होली के बाद भी पटरी पर नहीं आ रही है। 12 व 13 मार्च की तारीख में यात्रा करने वालों को टिकट खरीदने में जेब ढीली करनी पड़ रही है। मांग अधिक होने से 6405 रुपये से नीचे किराया नहीं उतरा। यह हाल 17 मार्च तक रहने की बात सामने आई है। इसके बाद ही बरेली-दिल्ली हवाई सफर करने वालों को राहत मिलने की उम्मीद है।
एलाइंस एयर कंपनी की वेबसाइट पर प्रतिदिन के किराये का स्टेटस दिखता है। 72 सीटर एटीआर के लगातार फुल जाने की वजह से किराये में बढ़ोत्तरी होने की बात कही गई है। सामान्य किराये से भले ही ढाई गुना अधिक किराया यात्रियों को खर्च करना पड़ा हो लेकिन उन्हें बरेली-दिल्ली आने-जाने में सड़क मार्ग की फजीहत झेलनी नहीं पड़ी।
एलाइंस एयर की बुकिंग वेबसाइट पर प्रतिदिन टिकटों के किराये की बात करें तो 12 मार्च को बरेली से दिल्ली जाने वाले यात्रियों ने 6405 रुपये के हिसाब से टिकट खरीदना पड़ा है। इस टिकट में 6100 रुपये बेसिक फेयर तो 305 रुपये जीएसटी जुड़ी है।
जबकि 13 मार्च को किराया 2780, 14 मार्च को 2931 रुपये, 15 मार्च को 2780 रुपये, 16 मार्च को 2933 रुपये और 17 मार्च को 2780 रुपये, 18 मार्च को 2933 रुपये और 19 मार्च का किराया 2205 रुपये एलाइंस एयर की वेबसाइट पर दिखा रहा है। इसी तरह 12 मार्च काे दिल्ली से बरेली आने के लिए यात्रियों को 3728 रुपये का किराया देना पड़ रहा है।
इस किराये में बेसिक फेयर 3550 रुपये, जीएसटी के 178 रुपये शामिल हैं। 15 मार्च से दिल्ली से बरेली किराया 2205 रुपये से लेकर 2333 रुपये तक है। एक अधिकारी ने बताया कि यह बढ़ा किराया कंपनी की ओर से नहीं है, मांग अधिक रहने से स्वत: बढ़ता है और टिकटों की मांग कम होने पर किराया पूर्व निर्धारित की श्रेणी में आ जाता है। एलाइंस एयर के एयरपोर्ट पर तैनात प्रतिनिधि से बात करने के लिए संपर्क किया लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई।
