Unnao में बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने मौलाना तौकीर रजा के बयान का किया पलटवार, कहा- भारत केवल हिंदू राष्ट्र
उन्नाव में बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने मौलाना तौकीर रजा के बयान का किया पलटवार।
उन्नाव में बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने मौलाना तौकीर रजा के बयान मुस्लिम नौजवानों के मुस्लिम राष्ट्र की मांग का पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भारत केवल और केवल हिंदू राष्ट्र है।
उन्नाव, अमृत विचार। भाजपा के फायर ब्रांड नेता व जिले के सांसद साक्षी महाराज ने मौलाना तौकीर रजा में मुस्लिम नौजवानों के मुस्लिम राष्ट्र की मांग वाले बयान पर बड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भारत केवल और केवल हिंदू राष्ट्र है।
जिले के सांसद साक्षी महाराज ने इत्तेहाद मिल्लत काउंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा के ‘‘मुस्लिम नौजवान भी मुस्लिम राष्ट्र की मांग करने लगे तो क्या होगा। अगर हिंदू राष्ट्र की बात करना दुरुस्त है, तो फिर खालिस्तान की भी मांग करने वालों की बात जायज है।’’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि तौकीर को पता होना चाहिए 1947 में जब देश का विभाजन हुआ तब मुस्लिम राष्ट्र के नाम पर हुआ था। अली मोहम्मद जिन्ना मुस्लिम राष्ट्र ले चुका है, अब जो रह गया है वह केवल और केवल हिंदू राष्ट्र है।
सांसद शुक्लागंज में आयोजित होली मिलन व कवि सम्मेलन कार्यक्रम में पहुंचे थे जहां उन्होंने मीडिया से मुखाबित होने पर एक सवाल के जवाब में यह बात कही। उनका यह बयान चर्चा का विषय बना है। बता दें कि दो दिन पूर्व उनका एक और बयान सुर्खियां बना था। जिसमें उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा था कि देश की बात विदेश में करने से बड़ा राष्ट्रद्रोह और क्या हो सकता है। राहुल को यह नहीं पता है कि कौन सी कब, कहां और किससे कहनी चाहिए। बता दें कि राहुल गांधी ने विदेश में कहा था कि भारत की संसद में बोलने नहीं दिया जाता है।
