बरेली: सेंथल के मैडविन अस्पताल में पकड़ी गई 21 लाख की बिजली चोरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीओ विजिलेंस ने मारा छापा, चिप लगाकर धीमी कर रखी थी मीटर की रफ्तार

बरेली, अमृत विचार। पावर कॉरपोरेशन की विजिलेंस टीम ने हाफिजगंज इलाके के सेंथल में मैडविन अस्पताल पर मंगलवार को छापा मारकर मीटर में चिप लगाकर बिजली चोरी करने का मामला पकड़ा है। इस मामले में करीब 21 लाख की बिजली चोरी का निर्धारण कर अस्पताल मालिक हिसार मेहंदी के खिलाफ थाना हाफिजगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बिजली विभाग के अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि इस बिजली चोरी में किसी विभागीय कर्मचारी की साठगांठ तो नहीं थी।

सीओ विजिलेंस मीनाक्षी शर्मा ने टीम के साथ दोपहर के वक्त मैडविन अस्पताल पर छापा मारा। शुरू में काफी छानबीन के बाद भी बिजली चोरी का कोई प्रमाण नहीं मिला तो सीओ ने मीटर चेक करने के लिए कहा। मीटर खोलकर देखा गया तो उसमें चिप लगी हुई थी।

इसी चिप से रीडिंग को कम किया जा रहा था। उसके बाद टीम ने जांच पड़ताल शुरू की। 18.5 किलोवाट की चोरी मानते हुए अस्पताल पर 21 लाख का निर्धारण किया गया। छापे की कार्रवाई में विजिलेंस के इंस्पेक्टर शहर शुजात हुसैन, अनिल कुमार पांडे, जेई पंकज शर्मा भी शामिल थे।

किसी को नहीं दी छापे की सूचना
मुखबिर से बिजली चोरी की सूचना मिलने के बाद छापा मारने के लिए सीओ विजिलेंस ने शहर और ग्रामीण क्षेत्र की विजिलेंस टीमों के साथ मीटर विभाग के अफसरों को भी साथ लिया लेकिन कहां छापा मारना है, यह किसी को नहीं बताया। शहर से बाहर निकलने के बाद टीम को पता चला कि वह सेंथल जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद सवाल उठ रहा है कि मीटर में डिवाइस किसने लगाई और हर महीने रीडिंग लेकर बिल देने के बावजूद सबस्टेशन पर तैनात स्थानीय विद्युत कर्मचारी इसे क्यों नहीं पकङ पाए। इस बिंदु पर भी जांच की जा रही है।

सेंथल के एक अस्पताल में मीटर में चिप लगाकर बिजली चोरी की जा रही थी। छापा मारकर 18 किलाेवाट से अधिक की चोरी पकड़ी गई। करीब 21 लाख रुपये का जुर्माना लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है---मीनाक्षी शर्मा, सीओ विजिलेंस।

यह भी पढ़ें- MJPRU: नौ केंद्रों पर होंगी MBBS और BAMS की परीक्षाएं, जानें डिटेल्स

संबंधित समाचार