बाजपुर: घर के बाहर तेंदुए के हमले में एक लहूलुहान 

Amrit Vichar Network
Published By Shweta Kalakoti
On

तड़के 3:30 बजे की घटना, वन विभाग की टीम ने घायल का हालचाल जाना, पिजरा लगाने का आश्वासन दिया 

बाजपुर, अमृत विचार। घर के बाहर घात लगाए बैठे तेंदुए ने एक व्यक्ति पर हमला बोल दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। चीख सुनकर जागे परिजनों ने बमुश्किल उसको छुड़ाया। इस दौरान उसका बेटे भी घायल हो गया। घायल का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना से गांव में दहशत है।

 ग्राम शिवपुरी निवासी जगत सिंह पुत्र नारायण सिंह का आवास गांव के नजदीक से गुजर रहे नाले के करीब है। शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे गौशाला में बंधी कटिया के रेंकने की आवाज से जगत सिंह की नींद खुल गई। जैसे ही वह गौशाला के पास पहुंचा तो पास में ही घात लगाए बैठे तेंदुए ने उस पर हमला बोल दिया।

जगत की चीख सुनकर परिजनों की नींद खुल गई। जगत सिंह के बेटे राजू ने पिता को बचाया। राजू के हाथों में भी खरोंचे आई हैं। खून से लथपथ जगत को एक के बाद एक तीन प्राइवेट अस्पतालों में ले जाया गया, लेकिन सभी ने उसका उपचार करने में असमर्थता जता दी।

अब एक अन्य निजी चिकित्सालय में उसका उपचार चल रहा है। लोगों में वन विभाग के प्रति गुस्सा है। उनका कहना है कि काफी समय से वन्य जीव आबादी में घुस रहे हैं और वह इन्हें पकड़ कर जंगल में छोड़ने की मांग कई बार कर चुके हैं, लेकिन विभाग ने अभी तक कोई सुनवाई नहीं की है।

मामले की जानकारी होने पर शुक्रवार को बेरिया दौलत चौकी की पुलिस व बरहैनी वन रेंज के वन कर्मी पीड़ित के आवास पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। टीम ने उच्चाधिकारियों को घटना की सूचना दे दी है। उन्होंने ग्रामीणों को पिजरा लगाने का आश्वासन दिया है।