SP MLA Irfan Solanki व गुर्गों पर प्रशासन की निगाह टेढ़ी, हिस्ट्रीशीटर शौकत अली की 30 करोड़ की संपत्ति सीज
कानपुर में सपा विधायक के गुर्गें हिस्ट्रीशीटर शौकत अली की संपत्ति सीज।
कानपुर में सपा विधायक इरफान सोलंकी के गुर्गों पर प्रशासन ने निगाहे टेढ़ी है। हिस्ट्रीशीटर शौकत अली की ग्वालटोली के सूटरगंज की 30 करोड़ की संपत्ति सीज की गई। पुलिस ने मुनादी कराने के बाद कार्रवाई की।
कानपुर, अमृत विचार। सीसामऊ से सपा विधायक इरफान सोलंकी और उनके गैंगस्टर साथी हिस्ट्रीशीटर शौकत अली पहलवान की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार को ग्वालटोली थानाक्षेत्र अंतर्गत शौकत पहलवान की 30 करोड़ की संपत्ति जब्त की गई। इससे पहले शौकत की 33 करोड़ की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। गैंगस्टर एक्ट के मामले में पुलिस अब तक कुल 69 करोड़ की संपत्ति जब्त कर चुकी है।
.jpg)
जाजमऊ के डिफेंस कॉलोनी निवासी नजीर फातिमा के प्लॉट पर सात नवंबर वर्ष 2022 को आगजनी करने के मामले में पुलिस ने सपा विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई रिजवान सोलंकी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। घटना के बाद फरारी काटने के दौरान विधायक ने फर्जी आधार कार्ड से दिल्ली से लेकर मुंबई तक हवाई यात्रा की थी। मामले में पुलिस ने विधायक को गैंग लीडर बनाते हुए उनके भाई रिजवान सोलंकी, हिस्ट्रीशीटर शौकत अली पहलवान, इसराइल आटे वाला, मोहम्मद शरीफ, समेत पांच पर गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज कराया था।
इसके बाद इस मामले में तीन अन्य आरोपी फतेहपुर निवासी हिस्ट्रीशीटर हाजी अज्जन, मन्नू रहमान और मुर्सलीन उर्फ भोलू का भी नाम गैंगस्टर एक्ट में शामिल कर लिया गया था। गैंगस्टर एक्ट के मामले में पुलिस ने सपा विधायक और उनके गैंगस्टर साथियों की 200 करोड़ की संपत्तियां चिन्हित की थी। जिसमें पहले चरण में शौकत पहलवान की जाजमऊ स्थित हिलाल कंपाउंड के दो अपार्टमेंट के 27 फ्लैट, ग्वालटोली में पांच फ्लैट जब्त किए थे।
विधायक और उनके परिवार की कुछ बेनामी संपत्तियां सील करने के बाद पुलिस एक बार फिर मंगलवार को एसीपी कोतवाली रंजीत कुमार, फीलखाना इंस्पेक्टर सुनील वर्मा, इंस्पेक्टर संजय सिंह, अरविंद सिंह और ग्वालटोली थाने की फोर्स के साथ सिविल लाइन स्थित सीबीसीआईडी कार्यालय कंपाउंड पहुंची। जहां पुलिस ने सीबीसीआईडी कार्यालय को छोड़कर मुनादी के बाद शौकत अली पहलवान की 1162 वर्ग मीटर में स्थित 30 करोड़ की संपत्ति जब्त की। एसीपी के अनुसार इस संपत्ति की सरकारी कीमत 645 लाख रुपये है। जबकि बाजारू कीमत 30 करोड़ रुपये आंकी गई है। उन्होने बताया कि इस संपत्ति की शौकत ने 1.25 करोड़ में रजिस्ट्री करवाई थी।
दो दर्जन से अधिक संपत्तियां की गईं चिन्हित
विवेचक संजय सिंह ने बताया कि सपा विधायक के गैंगस्टर साथियों में हिस्ट्रीशीटर हाजी अज्जन, रिजवान सोलंकी, मन्नू रहमान और मुर्सलीन की दो दर्जन से अधिक की संपत्तियां चिन्हित की गई हैं। जिन्हें अवैध तरीकों से बनाया गया है। ये संपत्तियां, जाजमऊ, बेकनगंज, चमनगंज, अनवरगंज, जाजमऊ, ग्वालटोली, सिविल लाइंस, नौबस्ता और उन्नाव में हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस को हाल ही में अज्जन की उन्नाव में एक गेस्ट हाउस और नौबस्ता में स्थित एक अपार्टमेंट में 35 फ्लैट होने की जानकारी मिली है। जिसका सत्यापन किया जा रहा है। जल्द ही दोनों संपत्तियों को जब्तीकरण की जद में लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 26 बीघा जमीन पर प्लाटिंग की बात भी सामने आई है। जिसकी जांच की जा रही है।
