राहुल गांधी मामले में भोपाल में प्रदर्शन, कांग्रेस नेताओं की आईं तीखी प्रतिक्रियाएं
भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य करार दिए जाने संबंधी कार्रवाई के बाद मध्यप्रदेश में कांग्रेस नेताओं की तीखी प्रतिक्रियाएं आयी हैं और कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं ने यहां ट्रेन के सामने प्रदर्शन कर अपना विरोध जताया।
ये भी पढ़ें - देश के लिए हर कीमत चुकाने को हूं तैयार : राहुल गांधी
मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ विक्रांत भूरिया की अगुवायी में एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ता यहां रानी कमलापति स्टेशन में प्रवेश कर गए और ट्रेन के सामने पटरियों पर लेट गए। कांग्रेस का ध्वज लिए ये कार्यकर्ता ट्रेन के इंजन पर भी चढ़े दिखे। डॉ भूरिया ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि हमारे नेता गांधी के खिलाफ की गयी कार्रवाई के विरोध में उन्होंने यह प्रदर्शन किया।
उन्होंने कहा कि स्टेशन पर दक्षिण एक्सप्रेस को रोका गया। उन्होंने कहा कि इस तरह हमारे कार्यकर्ताओं ने एक आंदोलन का आगाज किया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि और भी आंदोलन किए जाएंगे। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने ट्वीट के माध्यम से कहा कि मोदी सरकार ने कांग्रेस के सम्मानित नेता गांधी के खिलाफ षड़यंत्र करने में सारी हदें पार कर दी हैं।
जिस तरह से उनकी लोकसभा सदस्यता रद्द की गयी है, उससे स्पष्ट है कि सरकार गांधी से भयभीत है। कमलनाथ ने कहा कि सरकार गांधी के उठाए गए सवालों का जवाब देने के बजाए उन्हें लोकसभा से दूर करने का रास्ता तलाश रही थी। आज का दिन भारतीय लोकतंत्र के लिए अत्यंत दुख और पीड़ा का दिन है।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय सिंह, अनेक पूर्व मंत्रियों और कांग्रेस पदाधिकारियों ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से गांधी के खिलाफ हुयी कार्रवाई का विरोध किया है। सभी नेताओं ने लगभग एक सुर में इस कार्रवाई को तानाशाहीपूर्ण और हिटलरशाही करार दिया है।
ये भी पढ़ें - पूर्व सैनिकों को मिलेगी आयुर्वेद OPD, आयुष मंत्रालय और ईसीएचएस में हुआ समजौता
