लखनऊ: पड़ोसी महिला ने गर्भवती की पिटाई कर पेट पर मारी लात, केस दर्ज
लखनऊ, अमृत विचार। हसनगंज थाने में एक युवक ने पड़ोसी महिला नूरूल निशां के खिलाफ लिखित शिकायत देते हुए प्राथमिकी दर्ज करवाई है। पीड़ित का कहना है, सब्जी खरीदते समय नूरूल ने उनकी गर्भवती पत्नी की जमकर पिटाई करते हुए पेट पर लात मार दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरु कर दी है।
लकड़मंडी, डालीगंज निवासी जहीर अहमद ने बताया कि पड़ोसी जमील अहमद से उनके परिवार से रंजिश रखता है। गुरुवार शाम पांच बजे पत्नी नाजीश घर के समीप सब्जी खरीद रही थी। तभी नूरूल निशां वहां पहुंची और पत्नी से झगड़ने लगी। आरोप है कि नोंकझोंक के बीच पड़ोसी ने उनकी पत्नी को धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया।
उसके बाद आरोपी महिला ने पीड़ित की पत्नी की पिटाई कर पेट पर लात मार दी। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और रक्तस्राव होने लगा। पीड़ित ने बताया कि उसकी पत्नी एक माह की गर्भवती है। गर्भवती की पिटाई करने के बाद आरोपी महिला वहां से भाग निकली। इसके बाद पीड़ित ने फौरन कंट्रोल रुम पर कॉल कर सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता को बलरामपुर अस्पताल में पहुंचा मगर हालत नाजुक होता देख डॉक्टरों ने उसे अवंतीबाई अस्पताल में रेफर कर दिया। जहां उसका इलाज किया जा रहा। प्रभारी निरीक्षक अतुल श्रीवास्तव के मुताबिक, लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने नूरूल निशां के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। दोनों ही पक्ष रिश्तेदार है और वह आमने- समाने रहते हैं।
यह भी पढ़ें:-Yogi Sarkar 2.0 का पूरा हुआ एक साल: देश के सबसे पसंदीदा मुख्यमंत्री बने योगी आदित्यनाथ
