शाहजहांपुर: सड़क दुर्घटनाओं में दो सगे भाइयों समेत चार की मौत, मचा कोहराम
नेशनल हाईवे पर तिलहर क्षेत्र में अज्ञात वाहन की चपेट में आए दोनों
शाहजहांपुर/तिलहर, अमृत विचार। अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में बाइक सवार दो भाइयों समेत चार लोगों की मौत हो गई। नेशनल हाईवे पर शनिवार दोपहर तिलहर क्षेत्र में गांव कपसेड़ा के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो सगे भाइयों को चपेट में ले लिया। जिसमें एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। सगे भाइयों की शिनाख्त जेब से मिले मोबाइल के जरिये हुई।
वहीं मदनापुर क्षेत्र में शुक्रवार शाम कटरा-जलालाबाद रोड पर चंदौखा गांव के पास ट्रक ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें महिला की जान चली गई, जबकि उसका नाती घायल हो गया। उधर, कलान क्षेत्र में नरसुइया मोड़ के पास शुक्रवार शाम बदायूं-फर्रुखाबाद मार्ग पर पैदल सड़क के पार करते समय अज्ञात वाहन की चपेट में आकर ग्रामीण की मौत हो गई। शवों का पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर उनके परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
भतीजी का तिलक चढ़ाने के बाद घर लौट रहे थे दोनों भाई
तिलहर। बरेली के थाना फरीदपुर के गांव सोहरकला निवासी 45 वर्षीय राम सनेही ने भतीजी नीतू की शादी थाना कांट के गांव उड़ेला में तय की थी। उसकी भतीजी का तिलक 24 मार्च को था। वह और उसका 40 वर्षीय भाई जसवीर तथा परिवार के अन्य लोग वाहन से शुक्रवार शाम तिलक चढ़ाने के लिए कांट क्षेत्र में गए। जहां रात में तिलक चढ़ाया गया। दोनो भाई रात में वहीं पर रुक गए। जबकि अन्य लोग वाहन से वापस बरेली चले गए।
शनिवार दोपहर एक बजे दोनों भाई राम सनेही व जसवीर कांट से बरेली बाइक से जा रहे थे। नेशनल हाइवे पर तिलहर थाना क्षेत्र के कपसेड़ा गांव के सामने अज्ञात वाहन ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों भाई गंभीर रुप घायल हो गए। चालक वाहन लेकर बरेली की तरफ भाग गया। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों भाइयों को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। जहां डाक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मोबाइल से नंबर निकालकर परिवार वालों को सूचना दी। परिवार वाले शाम को जिला अस्पताल पहुंचे।
जेठानी-देवरानी की एक साथ उजड़ा सिंदूर
तिलहर। जसवीर, राम सनेही तीन भाई है। जसवीर सबसे बड़े दूसरे नंबर पर शिव दयाल और तीसरे नंबर पर राम सनेही थे। जसवीर और राम सनेही खेती करते थे। जसवीर की पत्नी का नाम रश्मिी, एक बेटा विशाल, बेटी शिखा और छह साल की एक बेटी हैं और राम सनेही की पत्नी का नाम राजेश्वरी, तीन बेटी उर्मिला, निर्मला, नीरज और एक बेटा राहुल है। मौत की खबर सुनकर परिवार में दुखों का पहाड टूट पड़ा और परिवार में रो-रोकर बुरा हाल था।
...और ट्रक से कुचल गई महिला, नाती हुआ घायल
मदनापुर। गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र के गांव खमरिया निवासी 52 वर्षीय रामबेटी पत्नी श्रीराम का मायका थाना मदनापुर के गांव हैदलपुर में है। वह दो दिन पहले मायके किसी काम से गई हुई थीं। शुक्रवार शाम सात बजे वह अपने नाती सुखवी के साथ मदनापुर से अपने गांव खमरिया बाइक से जा रही थीं।
कटरा और जलालाबाद रोड पर चंदौखा गांव के सामने ट्रक ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। जिससे महिला ट्रक के पहिये नीचे आ गई और उसकी दबकर मौत हो गई। उसका नाती सड़क के किनारे जाकर गिरा और घायल हो गया। उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। मृतका रामबेटी के दो बेटे और दो बेटियां हैं। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
पैदल पार कर रहे थे सड़क, तभी अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
कलान। क्षेत्र के गांव जंगल बेहटा निवासी 62 वर्षीय नंद किशोर खेती करते थे। उनके दो मकान हैं। बदायूं-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर सड़क के पार उनका दूसरा मकान है। शुक्रवार शाम को वह दूसरे मकान में पैदल जा रहे थे। नरसुइया मोड़ पर सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने नंद किशोर को टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। जहां डाक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया। उसकी पत्नी की कई साल पहले मौत हो चुकी है। उसका एक बेटा लोकपाल है। मौत की खबर से परिवार में रोना पिटना मच गया।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: रेलवे स्टेशन के ओवरब्रिज पर लगाए गए घटिया टायल्स, सांसद ने रेलमंत्री को दिया पत्र, बताईं समस्याएं
