Coronavirus In Kanpur: कोरोना के दो संक्रमित मिले, जिला जेल की महिला बंदी और विनायकपुर के बुजुर्ग में पुष्टि
Coronavirus In Kanpur कानपुर में दो कोरोना संक्रमित मिलने पर मचा हड़कंप।
Coronavirus In Kanpur कानपुर में दो कोरोना संक्रमित मिलने पर मचा हड़कंप। जिला जेल की महिला बंदी और विनायकपुर के बुजुर्ग में पुष्टि हुई। स्वास्थ्य विभाग की टीम रविवार को जेल के बंदियों के सैंपल लेगी।
कानपुर, अमृत विचार। Coronavirus In Kanpur वायरल, इनफ्लुएंजा एचथ्रीएनटू के बढ़ते संभावित मामलों के बीच शनिवार को कोरोना के दो संक्रमित मिलने से हड़कंप मच गया है। स्वास्थ्य विभाग की कई टीमें बना दी गईं, जो की संक्रमितों के संपर्क में आने वालों के नमूने लेंगी। एक संक्रमित जिला जेल की 60 वर्षीय महिला बंदी हैं। उन्हें हैलट अस्पताल के मैटरनिटी विंग में भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरे विनायकपुर के 69 वर्षीय बुजुर्ग हैं। दोनों को कई दिनों से सर्दी, खांसी, बुखार की समस्या थी।
जेल में बंद 60 वर्षीय महिला को कुछ दिन पहले गुर्दे की समस्या के चलते उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हंं डायलिसिस की सलाह दी गई। डॉक्टरों ने कोविड की जांच कराई तो उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। उन्हें उर्सला अस्पताल की इमरजेंसी में शिफ्ट किया गया, जहां से उन्हें हैलट अस्पताल के मैटरनिटी विंग में भेज दिया गया। जेल अधीक्षक बीडी पांडेय ने बताया कि महिला बंदी के पॉजिटिव मिलने के बाद सीएमओ से बातचीत हुई है।
रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम आकर नमूने लेगी। सीएमओ डॉ. आलोक रंजन के मुताबिक विनायकपुर के 69 वर्षीय बुजुर्ग की निजी पैथोलॉजी की रिपोर्ट में कोरोना की पुष्टि हुई है। उनके घरवालों और संपर्क में आने वालों के नमूने लिए जा रहे हैं। उन्हें आइसोलेट कर दिया गया है। उनके घर टीम भेजी गई है। किसी तरह की समस्या होने पर उन्हें हैलट अस्पताल के मैटरनिटी कोविड अस्पताल में शिफ्ट किया जाएगा।
सर्दी, खांसी, बुखार के मामले नहीं हुए कम
मौसम में हल्की ठंडक और गर्मी का असर स्वास्थ पर पड़ रहा है। सर्दी, खांसी, बुखार, निमोनिया, डायरिया के मामले बढ़ रहे हैं। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के प्रो. जेएस कुशवाहा ने बताया कि सर्दी, खांसी के साथ ही सांस के रोगियों की दिक्कत बढ़ी है। बच्चों में निमोनिया, गले में दर्द और पसलियां चलने की समस्या मिल रही है। धूप से आकर एकदम से कपड़े न उतारें, ठंडा पानी न पीयें। एसी के बाद एकदम से धूप में न जाएं। उर्सला अस्पताल के सीएमएस डॉ. शैलेंद्र तिवारी के मुताबिक ओपीडी में वायरल के काफी मामले आ रहे हैं। उल्टी और दस्त के काफी केस आ रहे हैं। बाहर की खाद्य वस्तुओं को खाने से बचें।
