Banda Accident : सड़क हादसे में बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौत, प्रदर्शनी देख कर लौट रहे थे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत।

बांदा में सड़क हादसे में बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। प्रदर्शनी देखकर बाइक से लौटते समय हादसा हुआ।

बांदा, अमृत विचार। प्रदर्शनी देखने के बाद बाइक से अपने गांव लौट रहे दो चचेरे भाइयों समेत तीन लोगों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां एक की मौत हो गई, जबकि उसके चचेरे भाई को नाजुक हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन उसको लेकर अस्पताल जा रहे थे, रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। घायल तीसरे युवक का उपचार हो रहा है। हादसे के बाद वाहन समेत चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 
 
कोतवाली क्षेत्र के पतवन गांव निवासी अहम यादव (19) पुत्र रामरूप यादव अपने चचेरे भाई महेंद्र (17) पुत्र छोटेलाल और पड़ोसी सूरज (16) पुत्र ब्रजलाल के साथ बबेरू प्रदर्शनी देखने आए थे। रात को तीनो लोग एक ही बाइक में बैठकर गांव जा रहे थे। तभी बेसड़ाखेर गांव के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे तीनो लोग बाइक से उछलकर दर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
 
मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल कराया। वहां डाक्टरों ने देखने के बाद अहम को मृत घोषित कर दिया। महेंद्र की हालत नाजुक बताकर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घरवाले उसे लेकर जिला अस्पताल आ रहे थे। रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

संबंधित समाचार