Bahraich Accident: अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, महिला की मौत-तीन घायल
बेरिया मंदिर से मुंडन कार्यक्रम निपटाकर वापस जाते समय हुआ हादसा
बहराइच, अमृत विचार। कोतवाली देहात के बेरिया समय मंदिर से मुंडन संस्कार कराकर वापस जा रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर ट्रॉली सोमवार शाम को अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसके नीचे दबकर एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया है। जबकि मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
श्रावस्ती जनपद के गिलौला थाना क्षेत्र के ग्राम भयापुरवा परेवपुर गांव निवासी ग्रामीण के यहां मुंडन संस्कार कार्यक्रम था। जिस पर गांव के लोग ट्रैक्टर ट्रॉली से बहराइच के कोतवाली देहात क्षेत्र के बेरिया समय माता मंदिर पहुंचे। यहां सभी मुंडन संस्कार कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसके बाद शाम पांच बजे सभी ट्रैक्टर ट्रॉली से वापस अपने गांव जाने लगे। दरगाह थाना क्षेत्र के सासर पारा चौराहे के पास श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गई। इससे ट्रैक्टर सवार श्रद्धालुओं में चीख पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने ट्रैक्टर के नीचे दबे लोगों को बाहर निकलवाया। तब तक हादसे में भयापुरवा गांव निवासी गुड़िया देवी (45) पत्नी ननके की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बालिका समेत तीन लोग घायल हो गए।
दुर्घटना की जानकारी मिलने पर दरगाह पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष राम दवन मौर्य ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाकर भर्ती कराया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जायेगा।
ये भी पढ़ें -चैत्र रामनवमी मेला: अयोध्या में उमड़ने लगे श्रद्धालु, प्रशासन ने बढ़ाई सक्रियता
