चैत्र रामनवमी मेला: अयोध्या में उमड़ने लगे श्रद्धालु, प्रशासन ने बढ़ाई सक्रियता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कंट्रोल रूम सक्रिय, अधिकारियों ने रामनगरी में डाला डेरा

अमृत विचार ,अयोध्या। रामनगरी के ऐतिहासिक चैत्र रामनवमी मेले की मुख्य तिथि राम जन्मोत्सव की तिथि नजदीक आने के साथ श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई है। मुख्य पर्व के नजदीक आने के साथ पुलिस-प्रशासन से सक्रियता बढ़ा दी है और रामकथा संग्रहालय स्थित मेला कंट्रोल रूम को सक्रिय कर दिया गया है। मेला क्षेत्र में अधिकारियों की चहल-कदमी तेज हो गई है।  

वासंतिक नवरात्र पर्व के साथ रामनगरी अयोध्या के ऐतिहासिक और पौराणिक चैत्र रामनवमी मेले का आगाज हो जाता है। चैत्र रामनवमी मेले के आगाज के साथ रामनगरी में जगह-जगह मठ-मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर राम और भागवत कथा का पाठ शुरू हो गया है। पारंपरिक रूप से पुलिस-प्रशासन ने मेले को सकुशल और शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए चैत्र माह शुरू होने के काफी पहले ही रणनीति और तैयारी शुरू कर दी थी। कई राउंड चली बैठकों और मेला क्षेत्र के स्थलीय निरीक्षण तथा एडीजी लखनऊ जोन पीयूष मोर्डिया की समीक्षा के बाद जिला पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर रणनीति को मुकम्मल रूप लेकर 22 मांर्च से इसका अनुपालन कराने के लिए जोनल, सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा मातहत अधिकारीयों -कर्मचारियों को ड्यूटी आवंटित की थी। सुगम और सुचारु यातायात को लेकर रुट डाइवर्जन का खाका घोषित कर इसे जारी भी कर दिया गया था, हालाँकि श्रद्धालुओं की भीड़ न होने के चलते सारी कवायद औपचारिक ढंग से निपटाई जा रही थी। रामनवमी की तिथि नजदीक आने के साथ जनपद के विभिन्न हिस्सों ही नहीं आस-पास के जनपदों तथा गैर प्रांतों से श्रद्धालुओं का रामनगरी आगमन शुरू हो गया है। जिसके चलते मेला क्षेत्र गुलजार होने लगा है और मठ-मंदिरों से लेकर जगह-जगह आयोजित कथाओं में भीड़ बढ़ने लगी है।  

श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने और मेले का मुख्य पर्व नजदीक आने को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है। रामकथा संग्रहालय स्थित मेला कंट्रोल रूम में रौनक बढ़ने लगी है। मातहत कर्मियों और अधिकारियों ने अपनी ड्यूटी संभाल ली है तो आला-अधिकारी भी अयोध्या केंद्रित हो गए हैं। मेला ड्यूटी में लगाए गए अधिकारियों-कर्मचारियों की ब्रीफिंग कर आवश्यक हिदायत दी गई है। जिले और शहर की सीमा में यातायात को लेकर जारी प्रतिबंध अभी कड़ाई से लागू नहीं कराया जा रहा है, लेकिन रामनगरी के इंट्री प्वाइंटों पर रोक-छेंक शुरू हो गई है।  
मेला के नोडल सुरक्षा अधिकारी एसपी सिटी मधुवन सिंह ने बताया कि पुलिस-प्रशासन की मेला क्षेत्र की हर गतिविधि पर नजर है। भीड़ के दबाव के मद्देनजर तय कार्ययोजना का त्वरित अनुपालन की हिदायत दी गई है। मेला कंटोल रूम के माध्यम से सीसीटीवी कैमरों और मजिस्ट्रेटों द्वारा हालात की निगरानी कराई जा रही है। सरयू के घाट से लेकर मुख्य मार्गों और मठ-मंदिरों पर सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किया किये गए हैं।         


पैरामिलेट्री फ़ोर्स ने संभाला मोर्चा 
रामनवमी मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए एटीएस-एसटीएफ कमांडो के साथ पुलिस और पैरामिलिट्री फ़ोर्स ने मोर्चा संभाल लिया है। सरयू में स्नान के दौरान डूबने की घटनाओं पर लगाम के लिए जल पुलिस के अलावा पीएसी बाढ़ राहत दल की कंपनी को तैनात किया गया है। चोर-उचक्कों  शिनाख्त के लिए स्पॉटर दस्ता तथा असमाजिक तत्वों की शिनाख्त के लिए ख़ुफ़िया एजेंसियों को लगाया गया है। मेला कंट्रोल रूम स्थित नियंत्रण कक्ष से सीसीटीवी कैमरों और पीएसए सिस्टम के माध्यम से निगरानी कराई जा रही है। पुलिस महकमें का कहना है कि जिले को आठ कंपनी पीएसी, दो कंपनी सीआरपीएफ/आरएएफ, अतिरिक्त  खोजी व निरोधी दस्ता तथा भारी तादात में पुलिस के अधिकारी और जवान मिले हैं।  जिनको जिला प्रशासन की ओर से बनाये गए ज़ोन, सेक्टर और सब सेक्टर आदि के तहत ड्यूटी पर तैनात किया गया है।

ये भी पढ़ें -अयोध्या: पहले दिन दौड़ीं ई-बसें, कैंट स्टेशन से नया घाट का किराया 33 रुपये  

 

संबंधित समाचार