Unnao News : झगड़े के बाद दंपति ने निगला जहरीला पदार्थ, पत्नी घर में तो चौराहे पर बेसुध मिला पति

Amrit Vichar Network
Published By Nitesh Mishra
On

उन्नाव में दंपति ने जहरीला पदार्थ निगला।

उन्नाव में मायके पत्नी को लेने पहुंचे पति का झगड़ा हो गया। इस पर दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया। वहीं, पत्नी घर में तो चौराहे पर पति बेसुध मिला।

उन्नाव, अमृत विचार। मायके आयी पत्नी को लेने पहुंचे युवक का झगड़ा हो गया। जिसके बाद महिला ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। उधर पति भी गांव से दूर एक चौराहे पर बेसुध मिला। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवती की मां ने दामाद पर बेटी को जहर देने की बात कही है। जिला अस्पताल में भर्ती दोनां की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
 
हरदोई जनपद के कासिमपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर निवासी संजय (22) पुत्र राम जीवन लखनऊ में टिफिन सर्विस का काम करता है। उसकी शादी फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के गजफ्फरपुर पैसरा सोनम पुत्री रमेश से हुई थी। पिता के पैर में फ्रैक्चर की खबर पर सोनम एक सप्ताह पूर्व मायके आयी थी। रविवार को संजय उसे लेने के लिए पहुंचा। रविवार को ही उन्नाव के एक निजी नर्सिंग होम से उसका पिता डिस्चार्ज होकर घर पहुंचा था।
 
उधर, सोनम की मां सीता को अपने मायके में भतीजे के पसनी कार्यक्रम में शामिल होने सोमवार जाना था। इसलिए सोनम में पति के साथ जाने से इंकार किया जिसे लेकर बीती शाम दोनों मे झगड़ा शुरू हो गया। बात इतनी बढ़ी कि पीआरवी से मामले की शिकायत की गई। जिस पर पहुंची पीआरवी ने मामला आपसी देख समया बुझाकर शांत करा दिया। सोमवार फिर से दोनों के बीच झगड़ा हुआ जिसके बाद संदिग्ध हालात में सोनम की तबियत बिगड़ गयी।
 
उधर, संजय भी गायब हो गया। सोनम की मां ने बेटी को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां से उसे गंभीर बता कर जिला अस्पताल भेज दिया गया। इसी बीच काली मिट्टी चौराहे के पास संजय भी बेसुध मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। डाक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

 

संबंधित समाचार