Sambhal Phatak Bridge : चार पहिया वाहनों को अनुमति का इंतजार, लोक निर्माण विभाग कर चुका है पुल की मरम्मत

पैदल राहगीरों के लिए खोला जा चुका है कपूर कंपनी पुल, दोपहिया वाहनों की अनुमति न मिलने से परेशान हो रहे क्षेत्रवासी

Sambhal Phatak Bridge : चार पहिया वाहनों को अनुमति का इंतजार, लोक निर्माण विभाग कर चुका है पुल की मरम्मत

मुरादाबाद, अमृत विचार। लोक निर्माण विभाग की ओर से संभल फाटक पुल की मरम्मत के बाद पुल को पैदल और दोपहिया वाहनों के लिए खोल दिया गया है। अब चार पहिया वाहनों के लिए प्रशासन की अनुमति का इंतजार किया जा रहा है। कपूर कंपनी पुल भी मरम्मत के बाद पैदल राहगीरों के लिए खोला गया है। दोपहिया वाहनों की आवाजाही न होने से लाइनपार की करीब चार लाख की आबादी प्रभावित हो रही है। हालांकि रेलवे की ओर से नया पुल बनाए जाने की तैयारी की जा रही है। 

शहर को करूला, चंदौसी, संभल, बिलारी, कुंदरकी, मैनाठेर समेत अलीगढ़ हाईवे को जोड़ने वाला संभल फाटक पुल मरम्मत के लिए प्रशासन की ओर से  22 जनवरी से छह अप्रैल तक के लिए बंद किया गया था। लोगों की परेशानियों को देखते हुए जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह के आदेश पर लोक निर्माण विभाग ने पुल के ऊपर का कार्य पूरा करने के बाद तय तिथि से पहले ही पुल पर पैदल व दोपहिया वाहनों के आवागमन को मंजूरी दी थी। लोक निर्माण विभाग की ओर से इस पुल की मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया गया है। लेकिन, पुल पर अभी सिर्फ पैदल व दोपहिया वाहन को अनुमति दी गई है। चार पहिया वाहनों के लिए संभल फाटक पुल पर प्रशासन को अनुमति देनी हैं। 

उधर, दूसरी ओर लाइनपार की करीब चार लाख की आबादी को शहर से जोड़ने वाला कपूर कंपनी पुल से लोग पैदल आ जा रहे हैं। रेलवे ने पुराने पुल पर दोपहिया वाहनों के आगमन पर रोक लगा रखी हैं। जल्द ही रेलवे प्रशासन कपूर कंपनी के पुराने पुल के बराबर में नए पुल का निर्माण करेगा। इसके लिए 14 करोड़ रुपए खर्च किए जाएगे। रेलवे की टीम ने नये पुल का डिजाइन भी तैयार कर लिया हैं। डिजाइन को स्वीकृति के लिए मुख्यालय भेजा गया है। मुख्यालय से हरी झंडी मिलने के बाद नये पुल का निर्माण होगा। 

संभल फाटक पुल की मरम्मत  का कार्य पूरा हो गया है। पुल पर चार पहिया वाहनों के संचालन की अनुमति के लिए प्रशासन द्वारा निर्णय लिया जाएगा। अभी पुल दोपहिया वाहनों के लिए शुरू किया है। -सुनील सागर, अधिशासी अभियंता लोनिवि

कपूर कंपनी पर बनने वाले नए पुल की डिजाइन रेल मुख्यालय भेजी गई है। नए पुल का डिजाइन पूर्व की भांति ही रहेगा। मुख्यालय द्वारा इसकी स्वीकृति होने के उपरांत आगे की कार्रवाई की जायेगी। - सुधीर सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, कोचिंग

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : विस चुनाव में हार के बाद से जिलाध्यक्ष नहीं