लखीमपुर खीरी: ससुराल वालों को चाहिए था बेटा, बहू ने दिया बेटियों को जन्म तो बेरहमी से पीटा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी,अमृत विचार: कोतवाली सदर क्षेत्र के महेवागंज क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने अपने पति व ससुराल के अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि ससुराल वाले बेटा चाहते हैं, लेकिन बेटे की चाहत में उसके तीन पुत्रियां हो गई हैं।

अब पति समेत सभी ससुराल के लोग उसके साथ मारपीट करते हैं और घर से भगा रहे हैं। शुक्रवार को पति ने उसे जमकर पीटा था। शनिवार को पीड़ित महिला अपनी तीनों पुत्रियों को लेकर एसपी कार्यालय पहुंची और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

एसपी दफ्तर पर मौजूद पीड़िता लाली देवी ने बताया कि उसका पति और ससुराल के अन्य लोग बेटा चाहते थे, लेकिन उसने जब दो बेटियों को जन्म दिया तो ससुराल के लोग उसको प्रताड़ित करने लगे। आए दिन पुत्री को जन्म देने का ताना देते हुए पति का दूसरा विवाह करने की धमकी देने का दौर शुरू हो गया। तीसरी बार में भी पुत्री का जन्म हुआ तो उसका उत्पीड़न बढ़ गया। 

ससुराल वाले ताने देने लगे और मारपीट करने लगे। इसके बाद भी वह सबकुछ सहन करती रही, लेकिन इधर कई दिनों से पति, जेठ जेठानी आदि ने अत्याचार अधिक शुरू कर दिया। शुक्रवार को पति ने भी जमकर पिटाई की। ससुरालीजनों के अत्याचार से परेशान महिला अपनी तीनों पुत्रियों को लेकर शनिवार को एसपी कार्यालय पहुंची। उसने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। एएसपी नैपाल सिंह ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक सदर को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

ये भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: बिना परमिट काट लिए सागौन के पांच पेड़, कॉलेज प्रबंधक पर केस

संबंधित समाचार