मुरादाबाद: तेंदुए ने ग्रामीणों पर बोला हमला, महिला समेत चार घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

डिलारी/मुरादाबाद, अमृत विचार। तेंदुए ने खेत में काम कर रहे ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इस दौरान कई लोग घायल हो गए। हमले के बाद ग्रामीणों ने लाठी-डंडों के साथ तेंदुए को दौड़ा लिया। उसे घेरकर एक कमरे में बंद कर दिया।  सूचना पर वन विभाग की टीम ने तेंदुए को ट्रेंकुलाइजर गन बेहोश कर पिंजरे में बंद कर लिया और अपने साथ ले गई। तेंदुए के पकड़े जाने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। 

बुधवार सुबह गांव तुमरिया कला निवासी किसान फहीम अहमद (25 वर्ष) और गांव फोंदापुर निवासी भूकननाथ व उनका बेटा नितिन जंगल में काम कर रहे थे। तभी झाड़ियों से निकलकर तेंदुए ने फहीम पर हमला कर दिया। इसके बाद भूकन नाथ और उसके बेटे नितिन पर हमला कर घायल कर दिया। शोर मचाने पर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने लाठी-डंडे लेकर तेंदुए को दौड़ाया। तेंदुआ गांव फौदापुर में जा घुसा। जहां भगवान दास की पत्नी केला देवी को घायल कर दिया। 

शोर सुनकर पड़ोसी राजवीर ने हिम्मत कर ग्रामीणों की मदद से तेंदुए को घेरकर केला देवी के मकान में बंद कर बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। इस बीच पुलिस और विभाग की टीम को सूचना दी। वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पकड़ने के लिए अभियान चलाया। कमरे के बाहर पिंजरा लगा कर चारों तरफ जाल लगा दिया। बाद में छत काटकर तेंदुए को ट्रेंकुलाइजर गन से  बेहोश किया और कमरे से बाहर खींचकर पिंजरे में डाल दिया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।

ये भी पढे़ं- मुरादाबाद: पूर्व विधायक की बेटी से दरिंदगी, वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वसूले तीन करोड़

 

 

संबंधित समाचार