बरेली: मोटे अनाज से तैयार उत्पादों की आज लगेगी प्रदर्शनी
एफएसडीए एग्जिक्यूटिव क्लब में कर रहा मेला का आयोजन
बरेली, अमृत विचार। मोटा अनाज (मिलेट्स) को लेकर सरकार बढ़ावा दे रही है, ताकि अधिक संख्या में किसान मोटे अनाज की उपज करें। इस क्रम में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन शुक्रवार को एग्जिक्यूटिव क्लब में मेला का आयोजन कर रहा है, जिसमें मोटे अनाज से तैयार उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। जिले के खाद्य कारोबार से जुड़े लोगों से विभाग के अधिकारी संपर्क कर मोटे अनाज से उत्पाद तैयार करने के लिए कह रहे हैं। साथ ही उनसे मोटे अनाज से तैयार उत्पाद की रेसिपी भी मांग रहे हैं।
मोटे अनाज की बात करें तो जिले में बाजरा सबसे महत्वपूर्ण है। मोटे अनाज से तैयार हो रहे उत्पादों में यहां फिलहाल विभाग की पहल पर एक नामचीन बेकरी की तरफ से बाजरा के बिस्कुट तैयार कराए गए हैं। वहीं मोटे अनाज से उत्पाद तैयार करने को लेकर अधिकारियों ने मिठाई, नमकीन, बेकरी, होटल एवं रेस्टोरेंट कारोबारियों को आमंत्रित किया है।
शहर के नामचीन प्रतिष्ठान संचालकों ने भी विभाग से संपर्क किया है, जिसमें बाजरा का चीला, बाजरा की नमकीन, बाजरा के बिस्कुट आदि तैयार कराए जा रहे हैं। मेला में इन व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। वहीं, मोटे अनाज को लेकर पोस्टर, नुक्कड़ नाटक, व्याख्यान व स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन होगा। एफएसडीए के सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय धर्मराज मिश्र ने बताया कि खाद्य कारोबारियों से मोटे अनाज के उत्पाद तैयार करा रहे हैं, जिनकी प्रदर्शन लगाई जाएगी।
ये भी पढ़ें- बरेली: कोविड पोर्टल हुआ दुरुस्त, बढ़ सकती है संक्रमितों की संख्या
