Banda: प्रदेश उपाध्यक्ष का जोरदार स्वागत, पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने का लिया संकल्प
बांदा में भाजपा कार्यालय में प्रदेश उपाध्यक्ष का जोरदार स्वागत हुआ।
बांदा में भाजपा कार्यालय में प्रदेश उपाध्यक्ष का जोरदार स्वागत हुआ। वहीं, पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
बांदा, अमृत विचार। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति में दोबारा प्रदेश उपाध्यक्ष बनाई गईं कमलावती सिंह का महिला मोर्चा पदाधिकारियों ने जोरदार स्वागत किया। महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने उनके मार्गदर्शन में संगठन को मजबूती प्रदान करने और केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
शनिवार को शहर के इंदिरा नगर स्थित भाजपा महिला मोर्चा जिला मंत्री व ग्राम प्रधान पतौरा विनीता त्रिपाठी के आवास में भारतीय जनता पार्टी की दोबारा प्रदेश उपाध्यक्ष बनाई गई कमलावती सिंह का भाजपा जिलाध्यक्ष वंदना गुप्ता और जिला मंत्री विनीता त्रिपाठी ने स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दी। महिला मोर्चा पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए श्रीमती सिंह ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार देश और प्रदेश की महिलाओं के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है, जिनका लाभ लेकर महिलाएं खुद को समृद्ध और खुशहाल बनाने का काम कर रही हैं।
उन्होंने सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए महिला मोर्चा पदाधिकारियों को अभियान चलाने की नसीहत दी। कहा कि जब देश की नारी शक्ति मजबूत होगी तो देश और प्रदेश अपने आप सशक्त हो जाएगा। उन्होंने महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के क्षेत्र में काम कर रही मोदी-योगी सरकार की विभिन्न योजनाओं का बखान किया।
महिला मोर्चा जिला मंत्री व कालिंजर मंडल प्रभारी विनीता त्रिपाठी ने भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष व जिला प्रभारी श्रीमती सिंह के मार्गदर्शन में संगठन को मजबूत बनाने और योजनाओं का लाभ जन जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस मौके पर जागृति वर्मा, डा.रागिनी शिवहरे समेत तमाम महिला नेत्रियां शामिल रहीं।
