टीएमयू में भर्ती कोरोना संक्रमित महिला की तीसरे खंड से गिरकर मौत
मुरादाबाद, अमृत विचार। टीएमयू में भर्ती कोरोना संक्रमित महिला की तीसरे खंड से गिरने से मौत हो गई। हादसे की सूचना जब टीएमयू प्रशासन को मिली तो हड़कंप मच गया। टीएमयू प्रशासन का दावा है कि महिला को मंगलवार की देर रात भर्ती कराया गया था। सुबह के वक्त वह वार्ड से भागने का प्रयास …
मुरादाबाद, अमृत विचार। टीएमयू में भर्ती कोरोना संक्रमित महिला की तीसरे खंड से गिरने से मौत हो गई। हादसे की सूचना जब टीएमयू प्रशासन को मिली तो हड़कंप मच गया। टीएमयू प्रशासन का दावा है कि महिला को मंगलवार की देर रात भर्ती कराया गया था। सुबह के वक्त वह वार्ड से भागने का प्रयास कर रही थी। दीवार से नीचे उतरते समय पैर फिसलने से वह हादसे का शिकार हो गई।
वहीं हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने टीएमयू प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने का भी प्रयास किया। परिजन रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पाकबड़ा थाने पहुंच गए। हालांकि बाद में सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद परिजन शांत हो गए।
बिलारी थाना क्षेत्र के ग्राम ग्वारऊ निवासी भीष्म सिंह खेती-किसानी करते हैं। उनके तीन बच्चे हैं। कुछ दिनों पहले भीष्म सिंह की पत्नी कविता की तबियत खराब हो गई थी। उसे मझोला स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को कविता का कोरोना टेस्ट हुआ। देर शाम आई रिपोर्ट में कविता कोरोना पाजिटिव पाई गई। जिसके तहत बुधवार की भोर के पहर करीब तीन बजे कविता को टीएमयू में कोविड वार्ड में भर्ती कराया गया था।
सुबह करीब आठ बजे कविता का शव क्यारियों के पास एक पेड़ के नीचे मिला। कोरोना संक्रमित महिला का शव मिलने पर टीएमयू प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। कविता का शव मिलने की सूचना परिजनों को मिली तो वह भी मौके पर आ गए। स्थित स्पष्ट न होने के कारण अफवाह उड़ी कि महिला ने खिड़की से कूदकर आत्महत्या कर ली है। जिस पर परिजन टीएमयू प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाने लगे। इतना ही नहीं वह रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पाकबड़ा थाने भी पहुंच गए।
हालांकि बाद में सीसीटीवी चेक करने पर मालूम हुआ कि कविता ने वार्ड से भागने का प्रयास किया। वार्ड से निलकने के बाद छज्जे के सहारे काफी दूर तक गई। बाद में वह छज्जे से नीचे उतरने का प्रयास कर रही थी, इस बीच पैर फिसलने से नीचे गिरकर मौत हो गई। फुटेज देखने के बाद परिजन भी शांत हो गए। सूचना पर पाकबड़ा पुलिस भी पहुंच गई। सुरक्षा के साथ शव गांव भेज दिया गया है।
