केंद्रीय राज्य मंत्री Anupriya Patel पहुंची Kanpur, बांसमंडी अग्निकांड की घटना पर जताया दुख
केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल कानपुर पहुंची।
केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल कानपुर पहुंची। उन्होंने अग्निकांड की घटना पर दुख जताया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार हमेशा व्यापारियों के साथ है।
कानपुर, अमृत विचार। वर्ष 2014 से अपना दल व भारतीय जनता पार्टी हर चुनाव में एक साथ प्रतिभाग कर रहे हैं। एनडीए का अपना दल एक महत्वपूर्ण अंग है। आगामी निकाय चुनाव में हर सीट पर एनडीए का मजबूत दावेदार उतारा जाएगा और अपना दल एनडीए के अंग के रूप में चुनाव में कार्य करेगा। सोमवार को जूही विनोबा नगर आईं केंद्रीय वाणिज्य उद्योग राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने यह बाते कहीं।
अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय वाणिज्य उद्योग राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल सोमवार को अपनी मौसी के देहांत के बाद शोकाकुल परिवार से मिलने के लिए जूही विनोबा नगर पहुंची। शोकाकुल परिजनों से मिलने के बाद केंद्रीय राज्यमंत्री मीडिया कर्मियों से मुखातिब हुईं। राहुल गांधी को दो साल की सजा सुनाए जाने व उनकी सदस्यता रद किए जाने के सवाल पर उन्होंने बताया कि कोर्ट ने उनको सजा सुनाई है, भारतीय नागरिक होने के नाते उनको कोर्ट जाने का अधिकार है।
उनको बहुत पहले ही कोर्ट चले जाना चाहिए था। कोर्ट से न्याय मांगना और सजा के खिलाफ अपील करना उनका अधिकार है। वही बास मंडी स्थित होजरी मार्केट में हुए अग्निकांड व व्यापारियों को राज्य सरकार की ओर से मुआवजा दिलाए जाने की बात पर केंद्रीय राज्यमंत्री ने अग्निकांड को दुखद घटना बताते हुए कहा कि प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है। व्यापारियों के साथ सरकार की संवेदनाएं है, सरकार अग्निकांड के पीड़ितों को न्याय दिलाने का भरसक प्रयास कर रही है।
वहीं, बताया कि सरकार व्यापारियों की क्षति की भरपाई करने के लिए भी ध्यान दे रही है। भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति न हो सरकार इसके लिए भी पर्याप्त इंतजाम करने में जुटी हुई है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने आश्श्वत करते हुए कहा सरकार की ओर से व्यापारियों की मदद के लिए प्रयास किया जा रहा है।
