बदायूं: दातागंज बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आशा दीक्षित और सचिव त्रिवेन्द्र सिंह बने
पूर्वाह्न 11 से 4 बजे तक हुआ मतदान, शाम 4:20 बजे घोषित हो गया परिणाम
दातागंज (बदायूं), अमृत विचार। दातागंज बार वेलफेयर एसोसिएशन का वार्षिक चुनाव सोमवार को सम्पन्न हो गया। अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे, लेकिन विजय आशा दीक्षित को मिली। उन्हें कुल 44 वोट मिले। वहीं, सुरेंद्र सक्सेना 24 वोट लेकर दूसरे नंबर पर रहे। अध्यक्ष को छोड़कर बाकी सभी पदों पर एक-एक व्यक्ति ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे, जिससे सभी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। निर्विरोध चुने जाने वालों में सचिव त्रिवेन्द्र सिंह भी शामिल हैं।
बार वेलफेयर एसोसिएशन दातागंज के अध्यक्ष पद के लिए तीन दावेदारों आशा दीक्षित, राजेन्द्र सिंह राठौर और सुरेन्द्र कुमार सक्सेना ने नामांकद पत्र दाखिल किए थे। इस पर सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे से मतदान शुरू हुआ, जो निर्धारित समय शाम को 4 बजे तक चला। बार वेजफेयर एसोसिएशन में 84 सदस्य हैं, जिनमें 82 ने मतदान किया। शाम 4:05 बजे से मतगणना प्रारम्भ हुई। बीस मिनट बाद चुनाव परिणाम घोषित कर दिया गया। घोषित चुनाव परिणाम के अनुसार अधिवक्ता आशा दीक्षित 44 मत प्राप्त पहले नंबर पर रहीं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सुरेन्द्र कुमार सक्सेना को पराजित किया। सुरेन्द्र सक्सेना को 24 मत मिले। वहीं, राजेन्द्र सिंह 13 मत पाकर तीसरे नंबर पर रहे। गिनती के दौरान एक मत कम निकला। इस तरह आशा दीक्षित को बार का नया अध्यक्ष घोषित कर दिया गया। इससे उनके खेमे में खुशी दौड़ गई। बार सदस्यों ने फूल मालाएं पहनाकर नए अध्यक्ष का स्वागत किया।
मतदान और मतगणना प्रक्रिया मुख्य चुनाव अधिकारी बाबूराम की देखरेख में संपन्न हुई। आशा दीक्षित के अध्यक्ष घोषित होने पर बार सदस्यों ने उन्हें फूल मालाएं पहनाकर और ढोल नगाड़े बजाकर खुशी का इजहार किया। इस मौके पर जाने आलम, राजेन्द्र कुमार, बब्लू सिंह, दिनेश कठेरिया, मगलेश कुमार, प्रमोद कुमार सिंह, मो. अली, अतुल कुमार सिंह, अभिषेक कुमार, सतेन्द्र शाक्य, बलवीर शाक्य, सोनपाल सिंह, मो. इश्हाक, पीयूष मौर्या, मो. आमीन, नरेन्द्र पाल सिंह आदि मौजूद रहे।
मतदान के दौरान एक मतपत्र हुआ गायब
बार वेलफेयर एसोसियेशन दातागंज में कुल 84 सदस्य हैं। सोमवार को हुए चुनाव के दौरान 82 अधिवक्ताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। मतगणना के दौरान बैलट बाक्स में केवल 81 मत पत्र निकले। एक मत कम निकलने पर चुनाव अधिकारी सकते में रह गए। उनका कहना है कि दो अधिवक्ता मतदान करते समय आपस में कुछ काना फूसी कर रहे थे। उन्हीं में से एक मतदाता ने मतपत्र अपनी जेब में रख लिया होगा। आगे से इस बात का ध्यान रखते हुए चुनाव कराया जायेगा।
दातागंज तहसील में अकेली महिला अधिवक्ता है आशा दीक्षित
आशा दीक्षित दातागंज तहसील में अकेली महिला अधिवक्ता हैं। अब तक हुए बार के चुनाव में अध्यक्ष पद पर आशा दीक्षित को सबसे अधिक 20 मतों से विजयश्री हासिल हुई है। बरेली की रहने वाली आशा दीक्षित बदायूं की तहसील दातागंज में वकालत का पेशा करती हैं
ये भी पढ़ें- बदायूं: युवक की हत्या कर शव फैजगंज बेहटा इलाके में फेंका, हत्यारे फरार
