रायबरेली: विद्युत तार की चिंगारी से दस बीघे गेहूं की फसल राख, ग्रामीणों ने मिलकर बुझाई आग 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भदोखर/ रायबरेली,  अमृत विचार। मौसम की मार से बची फसल बिजली के जर्जर तारों से खाक हो रही है ।लगातार बिजली के तारों से निकलती हुई चिंगारी खेतों में खड़ी फसल को जला रही है । गुरुवार को शार्ट सर्किट से लगी आग से गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई।बड़ी मुश्किल से ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया।तब तक तकरीबन दस बीघा गेहूं जलकर खाक हो गया। अंतिम दौर में दमकल की गाड़ी  भी मौके पर पहुंची थी।
  
क्षेत्र के भांव के कांटीहार गांव में खेतों से होकर एचटी लाइन गुजरती है। गुरुवार को दोपहर में इन जर्जर विद्युत लाइन के तारों से चिंगारी निकली। बिजली की शार्ट सर्किट से निकली चिंगारी से नीचे  गेहूं के खेत में आग लग गई। तेज चल रही पछुआ हवाओं ने इस आग में घी का काम किया।

जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते तब तक आग ने अपना उग्ररूप धारण कर लिया। आग का विकराल रूप देखकर ग्रामीण दौड़कर खेत पहुंचे और आग को बुझाने का काम शुरू किया। इस बीच फोन करके दमकल विभाग को भी आग की सूचना दी गई। लेकिन दमकल की गाड़ी को पहुंचने में काफी विलंब लगा ।तब तक ग्रामीणों ने मिलकर किसी तरह से आग पर काबू पाया। लेकिन इस दौरान गांव के किसान पृथ्वी पाल, सूरज पाल, छत्रपाल, लाला, भगीरथ व लाल बहादुर यादव सहित एक दर्जन से अधिक किसानों की फसल को आग ने  जलाकर खाक कर दिया। आस पास के ग्रामीणों ने  तथा क्षेत्रीय पुलिस ने बड़ी मुश्किल से आग पर किसी तरह काबू पाया था।

इसी बीच दमकल भी आ गई। सूचना पर पहुंची राजस्व टीम ने हुए नुकसान की पड़ताल कर जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंप दी है। राजस्व टीम व ग्रामीणों के मुताबिक तकरीबन दो लाख का नुक़सान हुआ है। ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कामतानाथ सिंह, रामफल यादव व अवधेश यादव ने भी मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मिलकर हर संभव सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया।


ये भी पढ़ें - खराब मौसम से फसल को नुकसान के बावजूद सरकार को गेहूं की रिकॉर्ड पैदावार की उम्मीद

संबंधित समाचार