निकाय चुनाव को लेकर अयोध्या जिला प्रशासन ने शुरू की तैयारियां, एडीएम एफआर को निगम क्षेत्र की जिम्मेदारी
अयोध्या, अमृत विचार। भले ही निकाय चुनाव की तिथियों का अभी ऐलान न हुआ हो, लेकिन जिला प्रशासन ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी है। जनपद में निकाय चुनाव सकुशल संपन्न कराने के लिए रिटर्निंग व सहायक रिटर्निंग ऑफिसर की तैनाती कर दी गई है। इसमें निगम क्षेत्र, नगर पालिका व नगर पंचायतों के लिए अलग-अलग अधिकारियों की नियुक्तियां की गई है।
अयोध्या नगर निगम के रिटर्निंग ऑफिसर की जिम्मेदारी एडीएम एफआर महेंद्र कुमार सिंह को दी गई है। इनके साथ डिप्टी कलेक्टर अनुराग प्रसाद, मुख्य अभियंता नलकूप सिंचाई श्रवण कुमार व नगर कार्य इकाई के परियोजना प्रबंधक आनंद दूबे को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर का दायित्व सौंपा गया है। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया है कि कोई भी अधिकारी पूर्वानुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। अयोध्या के 60 वार्डों के लिए भी 10 रिटर्निंग ऑफिसर और 20 सहायक रिटर्निंग ऑफिसर की सूची तैयार की गई है।
पीयूष रंजन होंगे नपं मां कामख्या के रिटर्निंग ऑफिसर
भूगर्भ जल विभाग के अधिशासी अभियंता अमोद कुमार रुदौली नगर पालिका, मत्स्य विभाग के उप निदेशक राजेंद्र सिंह बिष्ट नपं गोसाईगंज, उप मुख्य परिवीक्षा अधिकारी सर्वेश कुमार पांडेय नपं बीकापुर, लघु सिंचाई खंड के अधिशासी अभियंता शलभ श्रीवास्तव नपं भरतकुंड भदरसा, बाढ़ कार्य खंड के अधिशासी अभियंता शशिंकात प्रसाद नपं कुमारगंज, लिफ्ट सिंचाई खंड के अधिशासी अभियंता ज्ञानेंद्र मणि त्रिपाठी नपं खिरौनी सुचित्तागंज, नलकूप खंड के अधिशासी अभियंता पीयूष रंजन को नपं मां कामाख्या के रिटर्निंग आॅफिसर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: गुड फ्राइडे पर गिरजाघरों में हुई विशेष प्रार्थना
