कल्याणपुर CHC से चोरी नवजात Kanpur Dehat से बरामद, पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लिया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर से चोरी नवजात कानपुर देहात से बरामद।

कानपुर के कल्याणपुर सीएचसी से चोरी नवजात को कानपुर देहात के राजपुर पुलिस ने बरामद कर लिया। मेडिकल परीक्षण के बाद नवजात को परिजनों के सुपुर्द किया गया। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया।

कानपुर देहात, अमृत विचार। कानपुर नगर के कल्याणपुर सीएचसी से शुक्रवार को चोरी हुई नवजात को पुलिस ने गुबार गांव से बरामद कर लिया है। नवजात को चोरी करने वाली महिला को पुलिस थाने लेकर आई और छानबीन में जुटी है। उधर पुलिस ने नवजात का मेडिकल परीक्षण के बाद परिजनों को सूचना दी गई है।

कानपुर नगर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के छीतेपुर निवासी महेश की पत्नी सुषमा देवी को गुरुवार को घर पर प्रसव हुआ था। प्रसव के बाद सुषमा की हालत बिगड़ने पर एंबुलेंस से सीएचसी कल्याणपुर में भर्ती कराया गया। जनरल वार्ड में भर्ती सुषमा की नवजात शुक्रवार की सुबह चोरी हो गई थी। अस्पताल से नवजात चोरी होने की घटना से हड़कंप मच गया था।

सूचना पर कल्याणपुर  पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की थी। कल्याणपुर सीओ ने नवजात की तलाश के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की। शनिवार को कल्याणपुर थाने के एसआई रवि कुमार, पनकी चैकी इंचार्ज सवेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र पाल, चालक जसवंत, महिला कांस्टेबल सोनम व कांस्टेबल अवधेश राजपुर थाने पहुंचे और चोरी हुई नवजात की लोकेशन राजपुर थाना क्षेत्र के गुबार गांव में मिलने की जानकारी दी।

इसके बाद आनन फानन में पुलिस की दो टीमें गुबार गांव पहुंची। जहां आलोक की पत्नी पूजा के कब्जे से नवजात को बरामद कर लिया गया। पुलिस टीम नवजात  को राजपुर सीएचसी मेडिकल परीक्षण को ले गई। उसके बाद नवजात के परिजनों को सूचना दी गई। देर शाम कानूनी लिखापढ़ी के बाद पुलिस ने राजपुर थाना पहुंचे परिजनों को नवजात सुपुर्द कर दी।

थानाध्यक्ष देव नरायण द्विवेदी ने बताया कि जिस महिला से नवजात बरामद हुआ है, उसे कल्याणपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। जबकि बच्ची चोरी का मामला कल्याणपुर थाना में दर्ज होने के चलते नवजात को कल्याणपुर पुलिस की मौजूदगी में परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

संबंधित समाचार