बहराइच: घाघरा नदी में फंसी कंबाइन मशीन, मुश्किल से बची लोगों की जान 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहराइच, अमृत विचार। जनपद में स्थित घाघरा नदी के बीच से होकर कंबाइन मशीन ले जाना मालिक को भारी पड़ गया। मशीन नदी में ही फंस गई , जिसे कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद पांच ट्रैक्टर की मदद से नदी से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी ने राहत की सांस ली। इस दौरान मशीन पर सवार लोगों की जान बड़ी मुश्किल से बची। 

पैसा कमाने की ललक में लोग जान जोखिम में डाल रहे। यहां तक की घाघरा नदी में कंबाइन मशीन को भी प्रवेश दे रहे हैं। फिर घंटों मशक्कत कर कंबाइन मशीन को बाहर निकालने की जद्दोजहद करते हैं। ऐसा ही देखने को मिला है, महसी तहसील क्षेत्र के पचदेवरी गांव के समीप बह रही घाघरा नदी में। जहां एक कंबाइन मशीन रविवार को घाघरा नदी के बीच में उस पार जाते हुए फंस गई। बताया जा रहा है कि यह कंबाइन मशीन गेहूं की कटाई करने नदी के उस पार गांवों को जा रही थी। तभी बीच धार में पहुंचते ही कंबाइन मशीन फस गई और सवार लोगों की धड़कन बढ़ने लगी। आसपास के लोगों ने गांव में जाकर कंबाइन फंसने की जानकारी दी। नदी के समीप पहुंचे सैकड़ों लोगों ने रस्सा बांधकर कंबाइन मशीन को बाहर निकालने की जद्दोजहद करने लगे लेकिन कंबाइन मशीन को हिला तक न सके। 4 से 5 ट्रैक्टर को लगाकर कंबाइन मशीन को घंटों मशक्कत के बाद बाहर निकाला। ज्ञात हो कि इन दिनों गेहूं की फसल पक कर तैयार है ऐसे में किसान गेहूं की फसल को निकालने की होड़ में है। किसानों को खराब मौसम एवं अग्निकांड की चिंता है।

जा सकती थी जान
यदि समय रहते चालक और अन्य श्रमिक कम्बाइन मशीन से न उतरते तो उस पर सवार चालक, सहयोगी और गांव के दो लोग डूब सकते थे। बड़ा हादसा हो सकता था।

ये भी पढ़ें -Up Nikay Chunav 2023 : आचार संहिता लगते ही हटाए गए बैनर और पोस्टर

संबंधित समाचार