हरदोई: बघौली तिराहे से प्रतिबंधित फेंसेडिल सिरप के साथ एक गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस
हरदोई। साण्डी पुलिस ने यूपी-78 नंबर की पिकअप से लाद कर ले जाए जा रहे लाखों की कीमत के फेंसेडिल सिरप बरामद किया है। बताते हैं कि चेकिंग के दौरान पिकअप को रोका गया, लेकिन उसका ड्राइवर वहां से भागने लगा, इस पर पुलिस ने उसे दबोच लिया। पिकअप में लदी दवाई के बारे में जब उसके कागज तलब किए गए, तो ड्राइवर इधर-उधर झांकने लगा। इस पर पुलिस से उसे गिरफ्तार कर गत्तों में रखी सीरप की 100 एमएल वाली 63 सौ शीशी बरामद कर ली। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
बताया गया है कि सोमवार को साण्डी पुलिस बघौली तिराहे पर चेकिंग अभियान चला रही थी।इसी बीच पिकअप नंबर यूपी-78/जीएन/5568 आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने जब उसे रुकने के लिए इशारा किया तो उसका ड्राइवर ने वहां से भागने की कोशिश की। जिस पर पुलिस ने उसे कुछ दूर पर दबोच लिया। पुलिस गिरफ्त में आने वाले ड्राइवर ने अपना नाम दिवाकर यादव पुत्र राजेन्द्र कुमार निवासी लोधीपुर लालगंज रायबरेली बताया है।
उससे जब पिकअप पर लदे सीरप के कागज मांगे गए तो वह इधर-उधर झांकने लगा। फेंसिडिल सीरप बरामद कर ड्राइवर को गिरफ्तार करने में इंस्पेक्टर नदीम अहमद सिद्दीकी,एसआई रामानंद मिश्रा, कांस्टेबिल श्रवण दुबे और हिरदेश सिंह की टीम शामिल रही। इस बारे में एएसपी पूर्वी नृपेंद्र सिंह ने बताया है कि बरामद किए गए सीरप की कीमत 12 लाख,85 हज़ार 240 रुपये है। सीरप की सैम्पलिंग करा कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
भारत-बांग्लादेश की सरहद पर भी हुआ था बरामद
दरअसल फेंसेडिल सिरप को पहले से ही प्रतिबंधित कर रखा गया है। इससे पहले पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में भारत-बांग्लादेश की सरहद पर तैनात बीएसएफ के जवानों ने फेंसेडिल सिरप बरामद किया था। तब बताया गया था कि फेंसेडिल सिरप की बांग्लादेश तक तस्करी की जाती है। वैसे साण्डी पुलिस ने जो फेंसेडिल सिरप बरामद किया है,उसे तस्करी से नहीं जोड़ा जा रहा है। जबकि पुलिस सारे मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: सृष्टि अपार्टमेंट की लिफ्ट में फंसा बुजुर्ग, मदद के लिए चिल्लाता रहा, आधे घंटे बाद लोगों ने खींचकर निकाला
