Kanpur Crime : युवक ने की मां की हत्या, फिर खुद फंदे पर लटक कर दी जान

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

कानपुर, अमृत विचार। कानपुर के नजीराबाद इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक युवक ने अपने ही मां की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली है।

युवक ने मां की गला घोंटकर हत्या करने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में लिया है। 

पुलिस ने घटना की हकीकत जानने के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर साक्ष्य जुटाने के लिए बुला लिया गया। जांच पड़ताल के बाद दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

दरअसल, आरके नगर निवासी कोचिंग संचालक 28 वर्षीय विवेक वर्मा उर्फ निखिल ने अपनी 60 वर्षीय मां राजकुमारी वर्मा की गला घोंटकर हत्या करने के बाद फंदे से लटककर जान दे दी। इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रयागराज में रहने वाली राजकुमारी की बेटी अलका ने बताया कि उसने बुधवार शाम छह बजे मां को फोन किया था। जिस पर उनका फोन नहीं रिसीव हुआ। थोड़ी देर बाद उन्होंने भाई विवेक वर्मा को फोन किया। लेकिन उसने भी फोन नहीं उठाया। उनके अनुसार उन्होंने बैक कॉल आने पर बात करने के लिए सोचा। लेकिन फिर भी जब फोन नहीं आया तो उन्हें शंका हुई। करीब सात बजे के आसपास उन्होंने इस बात की जानकारी गुमटी में रहने वाले भाई दुर्गेश को दी।

जिस पर वह आनन-फानन मौके पर पहुंच गए। जहां दितीय तल पर कमरा अंदर से बंद था। आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। जहां का दृश्य देखकर उनके होश फाख्ता हो गए। उनके अनुसार मां का शव बेड पर पडा हुआ था। वहीं भाई का शव दुपट्टे से फंदे पर लटका हुआ था। उनके अनुसार मां का शरीर नीला पड़ा हुआ था। परिजनों ने मां की हत्या कर फांसी पर जान देने की बात कही है।

मां-बेटे के इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इलाकाई लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोग तरह-तरह के कयास लगाने लगे। पड़ोसियों ने कलह के चलते घटना को अंजाम देने की बात कही। सूचना पर मौके पर पहुंचे नजीराबाद थानाध्यक्ष कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने फोरेंसिक टीम के साथ घटना की जांच पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए।

डीसीपी सेंट्रल प्रमोद कुमार ने भी घटनास्थल का मौका मुआयना किया। उन्होंने बताया परिवार में घरेलू कलह की बात तो स्वीकार की है। प्रथम दृष्टया यही लग रहा है कि पहले बेटे ने मां की गला घोंटकर हत्या की है उसके बाद फांसी लगाकर खुद जान दी है। परिवार वालों से तहरीर के लिए कहा गया है मगर अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट होगी उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

11 जनवरी को हुई थी विवेक की शादी 

परिजनों के अनुसार इसी वर्ष 11 जनवरी को विवेक वर्मा की शादी बालाजी चौराहे के पास रहने वाली प्रियंका से हुई थी। मात्र तीन माह में ही रिश्तों की डोर टूट गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी जैसे ही मायके पक्ष के लोगों को हुई तो कोहराम मच गया। दरवाजे पर विवेक की पत्नी की हल्दी की थांपे अभी तक नहीं हट सकी थी, कि सुहाग उजड़ गया। पुलिस के अनुसार तीन दिन पहले वह घर छोड़कर चली गई थी, जिसके बाद आशंका जताई जा रही है कि मां-बेटे में इसी बात को लेकर कुछ हुआ होगा। 

बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल 

घटना के बाद मां व भाई का शव देखकर गुमटी में रहने वाले दुर्गेश का रोंगटे खड़े हो गए। आनन-फानन उन्होंने इसकी सूचना लखनऊ में रहने वाले भाई भूपेंद्र को दी। इसके बाद प्रयागराज में रहने वाली बेटी अलका भी कानपुर पहुंचने के लिए निकल पड़ी हैं। राजकुमारी के अन्य बेटे आरके नगर निवासी रोहित व मनी का रो-रोकर बुरा हाल है।

भाई मनी की पत्नी सहम गई 

घटना की जानकारी जैसे ही प्रथम तल पर रहने वाले राजकुमारी के बेटे मनी को हुई तो वह तुरंत ऊपर पहुंच गया। इसके बाद वहां का नजारा देखकर मनी की पत्नी वामिका चीख पड़ी। फूट-फूटकर रोते हुए उसे अन्य परिजनों ने ढांढस बंधाकर अन्य लोगों को सूचना दी।

यह भी पढ़ें : प्रयागराज : कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच कल होगी अतीक की कोर्ट में पेशी

संबंधित समाचार