Pakistan: कराची के बहुमंजिला फैक्ट्री में लगी आग, चार दमकलकर्मियों के शव बरामद
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के कराची में एक बहुमंजिला फैक्ट्री में भीषण आग लगने के बाद आग बुझाते समय इमारत के ढहने से चार दमकलकर्मी मलबे में दब गए। दमकलकर्मियों के शव को गुरुवार सुबह मलबे से बरामद किया गया। राहत एवं बचाव दल ने यह जानकारी दी। सायलानी वेलफेयर ट्रस्ट के एक दमकलकर्मी सलमान कुरैशी ने प्रेस के हवाले से यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह एक चादर बनाने वाली बहुमंजिला फैक्ट्री में भीषण आग लग गई और आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल की 12 गाड़ियां मौके पर भेजी गयी और जिस समय दमकलकर्मी आग बुझाने में लगे हुए थे तभी यह इमारत भरभरा कर ढह गयी। दमकलकर्मी ने कहा, “घटनास्थल पर दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे हुए थे, तभी फैक्टरी का एक हिस्सा ढह गया, जिसके मलबे में कई लोग फंस गए।”
उन्होंने कहा कि 11 दमकलकर्मियों सहित 13 घायल लोगों को भी ढही हुई इमारत से निकाला गया है। कराची के मध्य जिला उपायुक्त ताहा सलीम ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मलबे के नीचे अब कोई नहीं दबा है, और बचाव दलों द्वारा क्षेत्र को साफ कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इमारत में आग शार्ट सर्किट के कारण लगी थी संकरी गली होने के कारण दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल तक नहीं ले जाया सका था जिससे स्थिति ज्यादा भयावह हो गयी थी।
ये भी पढ़ें:- जयशंकर ने इथियोपिया के विदेश मंत्री से की मुलाकात, बहुपक्षीय सहयोग पर किया विचार
